तरनतारन। पंजाब के बहुचर्चित रंधावा आत्महत्या मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है। पूर्व मंत्री ललजीत सिंह भुल्लर की पत्नी सुरिंदरपाल कौर भुल्लर पहली बार सार्वजनिक रूप से मीडिया के सामने आईं और पूरे प्रकरण पर अपने परिवार का पक्ष रखा। ललजीत सिंह भुल्लर द्वारा इंटरनेट के माध्यम से अपना पक्ष रखने के बाद यह पहला मौका है जब उनके परिवार का कोई सदस्य सीधे तौर पर जनता के बीच पहुंचा है।
सुरिंदरपाल कौर भुल्लर ने पट्टी स्थित अपने निवास पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बिना किसी ठोस और निष्पक्ष जांच के उनके पति और परिवार के खिलाफ मामला दर्ज करना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि इन आरोपों के कारण उनका पूरा परिवार गहरे सदमे और मानसिक दबाव में है। सुरिंदरपाल कौर ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के चलते उनके पति और ससुर के खिलाफ यह झूठा मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
उन्होंने इस पूरी घटना को एक सियासी साजिश करार देते हुए कहा कि उनके परिवार की छवि को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उनके अनुसार, ललजीत सिंह भुल्लर ने हमेशा जनता के बीच रहकर साफ-सुथरी राजनीति की है और यही बात विरोधियों को खटक रही है। परिवार की वर्तमान स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी सास भूपिंदर कौर काफी बुजुर्ग और बीमार हैं। ऐसे में इन बेबुनियाद आरोपों ने परिवार के हर सदस्य को मानसिक रूप से परेशान कर दिया है।
सुरिंदरपाल कौर ने भावुक होकर चेतावनी दी कि यदि इस तनाव और मानसिक प्रताड़ना के कारण उनके परिवार के किसी सदस्य को कोई नुकसान होता है, तो इसके लिए रंधावा परिवार और विपक्षी नेता सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पति के निजी सहायक दिलबाग सिंह संधू भी पूरी तरह निर्दोष हैं और उन्हें इस मामले में बेवजह घसीटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भी उनके परिवार को बदनाम करने के लिए जमीन कब्जाने जैसे मनगढ़ंत आरोप लगाए गए थे, जो निराधार साबित हुए।
सुरिंदरपाल कौर ने ललजीत सिंह भुल्लर के कार्यों की याद दिलाते हुए कहा कि मंत्री पद पर रहते हुए भी उन्होंने जमीन से जुड़कर काम किया। कोरोना महामारी और बाढ़ जैसी कठिन परिस्थितियों में उन्होंने लोगों की निस्वार्थ सेवा की। उन्होंने कहा कि 2022 में पट्टी की जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनकर विधानसभा भेजा और उनके मंत्री बनने को विपक्षी दल पचा नहीं पा रहे हैं। अंत में उन्होंने लोगों से समर्थन की अपील की और विश्वास जताया कि निष्पक्ष जांच होने पर उनका परिवार पूरी तरह निर्दोष साबित होगा।
Pls read:Punjab: पंजाब में नशे और गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई 95 हजार से ज्यादा तस्कर गिरफ्तार