नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की। इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने नितिन नबीन को उनकी नई और अहम जिम्मेदारी संभालने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने नितिन नबीन को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
नितिन नबीन को हाल ही में भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है जो पार्टी संगठन में एक बड़ी जिम्मेदारी मानी जाती है। मुख्यमंत्री धामी ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा और संगठन और अधिक मजबूत होगा। इस मुलाकात को राजनीतिक गलियारों में काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि उत्तराखंड में चल रहे विकास कार्यों और संगठन के मुद्दों पर भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा होने की संभावना है।