मंडी. हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में मंडी में आयोजित ‘जनसंकल्प सम्मेलन’ में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हुंकार भरी। अपने संबोधन में सीएम सुक्खू ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखे हमले बोले। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में बैठे लोग लगातार हिमाचल प्रदेश के हाथ बांधने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी सरकार इन तमाम चुनौतियों और बाधाओं के बावजूद राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि आने वाले दो वर्षों में प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी जाएगी। साथ ही, उन्होंने भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जेल की हवा खानी होगी।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में उमड़े जनसैलाब को अपने नेतृत्व पर जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि तीन साल पहले एक साधारण परिवार से आए व्यक्ति को प्रदेश की कमान सौंपकर जनता ने जो भरोसा दिखाया, वह उसे कभी टूटने नहीं देंगे। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए सुक्खू ने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए कांग्रेस नेताओं ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की शहादत को याद करते हुए भाजपा के योगदान को शून्य बताया।
संबोधन के दौरान सीएम ने अनुशासन का पाठ भी पढ़ाया। मंच से नारे लगा रहे कार्यकर्ताओं को फटकार लगाते हुए उन्होंने कहा कि अनुशासन ही कांग्रेस की असली पहचान है। अपनी कार्यशैली का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि सीएम बनने के बाद वे सबसे पहले सचिवालय नहीं, बल्कि अनाथ आश्रम गए थे। उन्होंने कहा कि वे राजनीति में दिखावा करने नहीं, बल्कि चुनौतियों का डटकर सामना करने आए हैं।
भाजपा पर निशाना साधते हुए सुक्खू ने कहा कि विपक्ष उनके खिलाफ दुष्प्रचार फैलाने के लिए फर्जी अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली ‘डबल इंजन’ सरकार उनके लिए 75,000 करोड़ रुपये का कर्ज और 10,000 करोड़ रुपये की कर्मचारियों की देनदारी का बोझ छोड़कर गई थी। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) पर उन्होंने कहा कि अगर उन्हें केवल राजनीति करनी होती तो वे ओपीएस को कार्यकाल के आखिरी वर्ष में लागू करते, लेकिन उन्होंने कर्मचारियों के हित को सर्वोपरि रखते हुए पहली ही कैबिनेट बैठक में इसे मंजूरी दी।
सीएम ने केंद्र सरकार पर सौतेले व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा कि ओपीएस लागू करने की सजा के तौर पर केंद्र ने राज्य की 1,600 करोड़ रुपये की ग्रांट रोक दी। आपदा के दौरान कुल्लू में पैदा हुए हालातों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वायुसेना की मदद न मिलने के बावजूद उनकी सरकार ने चंद्रताल से 350 पर्यटकों को सुरक्षित निकालकर दुनिया के सामने एक मिसाल कायम की। इस कार्य की सराहना विश्व बैंक और पूर्व सीएम शांता कुमार ने भी की थी।
सुक्खू ने पिछली भाजपा सरकार पर राज्य की संपदा बेचने और शराब ठेकों में हेराफेरी का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 4,500 बीघा जमीन कौड़ियों के भाव बेच दी गई थी। अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने बताया कि 23 साल बाद वाइल्ड फ्लॉवर होटल को वापस सरकार के नाम करवाया गया। उन्होंने दावा किया कि सरकार सात गारंटियां पूरी कर चुकी है और बची हुई दो गारंटियां भी अगले दो सालों में पूरी कर दी जाएंगी। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि अगला चुनाव कांग्रेस 52 सीटों के साथ जीतेगी।
Pls reaD:Himachal: मंडी में आयोजित जनसंकल्प सम्मेलन में रजनी पाटिल ने मुकेश अग्निहोत्री को बताया मैन ऑफ द मैच