Himachal: हिमाचल में चिट्टे की सबसे बड़ी खेप पकड़ी गई, दो गिरफ्तार – The Hill News

Himachal: हिमाचल में चिट्टे की सबसे बड़ी खेप पकड़ी गई, दो गिरफ्तार

कोठीपुरा (बिलासपुर): हिमाचल प्रदेश में चिट्टे (हेरोइन) की अब तक की सबसे बड़ी खेप पकड़ी गई है. जिला बिलासपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए घुमारवीं में आधा किलो से अधिक चिट्टा बरामद किया है. पुलिस ने सोमवार को बलोह टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार से 518 ग्राम चिट्टा बरामद किया और मौके पर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया.

जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ से कुल्लू की ओर जा रही एक टेंपरेरी नंबर की कार जब टोल प्लाजा पर पहुंची, तो पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया. कार में बैठे दोनों व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गए. शक के आधार पर तलाशी ली गई, तो एक बैग के अंदर दो रंगीन लिफाफे मिले. उन्हें खोलकर देखने पर उनमें से चिट्टा बरामद हुआ, जिसका वजन 518 ग्राम निकला.

यह अब तक की सबसे बड़ी खेप

हिमाचल प्रदेश में यह अब तक की सबसे बड़ी खेप मानी जा रही है. पुलिस आरोपितों से कड़ी पूछताछ कर पता लगाएगी कि यह नशा कहां से लेकर आए और कहां ले जा रहे थे. बताया जा रहा है कि तस्कर अमृतसर की तरफ से चिट्टे की खेप लेकर चंडीगढ़ पहुंचे थे और उसके बाद कुल्लू जा रहे थे.

आरोपितों की गाड़ी भी जब्त, पंजाब के हैं निवासी

पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनकी गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है. आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है. तलाशी में गाड़ी में सवार 20 वर्षीय राहुल निवासी वार्ड नंबर-2, वीपीओ फतेहगढ़ चुरियां, जिला गुरदासपुर (पंजाब) और 20 वर्षीय अभी कुमार निवासी मकान नंबर 886, गली नंबर 3, चमरंग रोड, जिला अमृतसर (पंजाब) से चिट्टा बरामद किया गया है. दोनों आरोपितों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है.

नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा

एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आज हिमाचल की सबसे बड़ी खेप पकड़ी गई है. उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. इस बड़ी बरामदगी को नशे के खिलाफ हिमाचल पुलिस की एक महत्वपूर्ण जीत माना जा रहा है.

 

Pls reaD:Himachal: हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह का नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स यूके, लंदन में दर्ज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *