देहरादून। कांग्रेस पार्टी ने रविवार को देहरादून में अपने नव-निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, क्षेत्र पंचायत प्रमुखों और नगर निगम पार्षदों सहित सभी प्रतिनिधियों का सम्मान समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने जिला पंचायत चुनाव में मिली जीत को 2027 के विधानसभा चुनावों में सत्ता में वापसी का संकेत बताया।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा और पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने देहरादून पंचायत चुनाव की जीत का श्रेय पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह को देते हुए कहा कि उनकी कुशल रणनीति और नेतृत्व क्षमता ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया। रावत ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और संघर्ष ने भाजपा को पराजित किया है, और यह जीत 2027 में कांग्रेस सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा सरकार पर चुनावों में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास करने का आरोप लगाया। हालांकि, उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और रणनीतिक प्रयासों के बल पर कांग्रेस ने देहरादून में महत्वपूर्ण जीत दर्ज की है।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी राज्य सरकार पर चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल और आरक्षण का दुरुपयोग किया गया, लेकिन इसके बावजूद जनता और कार्यकर्ताओं के सहयोग से कांग्रेस जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर और उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह को विजय दिलाने में सफल रही।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार ने किया। इस अवसर पर सम्मानित होने वाले जनप्रतिनिधियों में जिला पंचायत सदस्य खुशबू गुरुंग, संजय किशोर, वीरेंद्र सिंह रावत, प्रवीण सिंह रावत, केशर सिंह, दीवान सिंह तोमर, अमिता वर्मा, पिंकी रौहिला, विजय लक्ष्मी, ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, अर्चना रावत, धनवीर सिंह, बीना चौहान, संजय सिंधवाल, आशा वर्मा, फतह सिंह सहित अनेक शामिल रहे।
समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और विधायक काजी निजामुद्दीन, विधायक विक्रम सिंह नेगी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, पूर्व मंत्री शूरवीर सजवाण, डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, सूर्यकांत धस्माना, गरिमा दसौनी समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने पार्टी की जीत पर खुशी जाहिर की।