देहरादून। उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) ने एक विशेष अभियान चलाकर श्रमिकों और उनके आश्रितों के 8,299 आवेदनों का ऑनलाइन निस्तारण किया है। इस पहल के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लगभग 25 करोड़ रुपये की धनराशि का ऑनलाइन डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) एक क्लिक के माध्यम से संबंधित लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित किया।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत पुत्री विवाह सहायता योजना, मृत्यु अनुदान योजना, प्रसूति सहायता योजना और शिक्षा सहायता योजना जैसे विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों के आवेदनों को तेजी से निपटाया गया। कुल ₹24,85,19,700/- (चौबीस करोड़ पचासी लाख उन्नीस हज़ार सात सौ रुपये) की धनराशि सीधे श्रमिकों और उनके आश्रितों के खातों में पहुंचाई गई, जिससे उन्हें तत्काल वित्तीय सहायता मिल सकी।
श्रम सचिव श्रीधर बाबू अददांकी और श्रमायुक्त प्रकाश चंद्र दुमका ने बताया कि कर्मकार बोर्ड द्वारा विगत एक माह में विशेष अभियान चलाकर इन 8,299 आवेदनों का निस्तारण किया गया है। यह बोर्ड स्तर पर इस प्रकार का पहला प्रयास है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का भी ससमय अभियान चलाकर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने बोर्ड के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने श्रम विभाग के लेबर सेस मैनेजमेंट पोर्टल और ई-श्रम पोर्टल पर राज्य की उत्कृष्ट प्रगति को देखते हुए श्रम विभाग के अधिकारियों को बधाई भी दी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि श्रम विभाग को एक ओर जहां श्रमिकों की समस्याओं का तत्परता से निस्तारण करना होगा, वहीं दूसरी ओर उद्योगों एवं श्रमिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रमिकों को निरंतर सुलभता से रोजगार प्राप्त होता रहे और उनकी छोटी से छोटी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।
इस कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री श्रीमती गीता रावत, उप श्रमायुक्त श्रीमती मधु नेगी चौहान, विपिन कुमार, उमेश चंद्र राय, के.के. गुप्ता, कमल जोशी एवं समस्त सहायक श्रम आयुक्त तथा एचडीएफसी बैंक की ओर से सुमित गोयल, इशान शर्मा, रोहित थपलियाल आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।