देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित एक कार्यक्रम में 187 युवाओं और मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने नई भर्तियों में पारदर्शिता और अपनी सरकार की भ्रष्टाचार-विरोधी नीतियों पर जोर दिया। नियुक्ति पाने वालों में सिंचाई विभाग के विभिन्न पदों पर चयनित 144 अभ्यर्थी और उत्तराखण्ड परिवहन निगम में मृतक आश्रित कोटे के तहत 43 पात्र आश्रित शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि राज्य सरकार ने लंबे समय से लंबित दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को भी नियुक्ति देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। पिछले वर्ष 150 आश्रितों को और आज शेष 43 पात्र आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार के प्रयासों से परिवहन निगम ने 2024 में रिकॉर्ड 56 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ अर्जित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले राज्य में भर्तियों में भारी पक्षपात, धांधली और भ्रष्टाचार होता था। युवाओं की इस समस्या को देखते हुए हमारी सरकार ने देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून लागू किया। अब राज्य में सभी भर्तियां पूरी पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे योग्य उम्मीदवारों को उनके कौशल और परिश्रम का पूरा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में प्रदेश के 23 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
भ्रष्टाचार पर सरकार की ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि अब भ्रष्टाचार के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के मंत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने प्रदेशवासियों से भी स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों का उपयोग करने का आग्रह किया।
सिंचाई विभाग में चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपनी तकनीकी कुशलता से किसानों के खेतों तक जल पहुंचाने वाले जमीनी स्तंभ हैं। मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी हर्ष व्यक्त किया कि चयनित युवाओं में कई राज्य आंदोलनकारी क्षैतिज आरक्षण कोटे के तहत भी चयनित हुए हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में 23 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं, जिससे बेरोजगारी में बड़ी गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग में इन नई नियुक्तियों से विभाग और भी सक्षम होगा, जिससे विकास को नई गति मिलेगी।
Pls read:Himachal: पौंग बांध का जलस्तर खतरे के निशान के पार, कभी भी खुल सकते हैं फ्लड गेट; हाई अलर्ट जारी