नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। पंजाब के बठिंडा में मंगलवार को तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया, जो सामान्य से पाँच डिग्री अधिक है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश भी गर्मी की चपेट में है। ऊना में पारा 44.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। राजस्थान के गंगानगर में भी तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट:
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए बुधवार तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय करने की सलाह दी गई है। IMD के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
पंजाब और हिमाचल में भी गर्मी का कहर:

पंजाब में लुधियाना में 45 डिग्री, चंडीगढ़, अमृतसर, पटियाला, फरीदकोट और गुरदासपुर में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 13 जून तक राज्य में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश के ऊना, मंडी, कांगड़ा, बिलासपुर और कुल्लू जिलों में लू का प्रकोप जारी है। शिमला में भी सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया।
उत्तराखंड में वर्षा के आसार:
उत्तराखंड में पिछले एक हफ्ते से मौसम शुष्क बना हुआ है। मंगलवार को देहरादून में तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। हालांकि, बुधवार से राज्य में बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। IMD ने कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली, तेज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट भी जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर भी झुलसा:
जम्मू-कश्मीर में भी गर्मी का प्रकोप जारी है। मंगलवार को जम्मू में तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में भी पारा 33.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। 13-14 जून को बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
Pls read:Delhi: भारतीय अंतरिक्षयात्री शुभांशु का ISS मिशन फिर टला, फाल्कन-9 रॉकेट में लीकेज