देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 साल पूरे होने पर भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर एक सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अलग पहचान बनाई है और विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र के साथ कार्य किए जा रहे हैं। यह समय हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी महत्वपूर्ण रहा है। देश में विकास और नवाचार की दिशा में कई कार्य हो रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना स्वास्थ्य के क्षेत्र में वरदान साबित हो रही है। मेक इन इंडिया की ताकत से निर्यात के क्षेत्र में भारत की भागीदारी तेजी से बढ़ी है। आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित हुआ है।

उन्होंने कहा कि जन धन योजना, उज्जवला योजना, पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छता अभियान, किसान सम्मान निधि और निशुल्क राशन योजना जैसी कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देश के करोड़ों नागरिकों को मिल रहा है, जिसके परिणामस्वरूप भारत की गरीबी दर में 80 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। पिछले 11 सालों में 27 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में धारा 370 की समाप्ति और तीन तलाक पर प्रतिबंध जैसे साहसिक फैसले लिए गए। भारत न केवल स्वदेशी रक्षा उपकरण बना रहा है, बल्कि दुनिया को निर्यात भी कर रहा है। भारत के रक्षा निर्यात में तेजी से वृद्धि हुई है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में भारत की रैंकिंग वैश्विक स्तर पर 142 से सुधरकर 63 पर पहुंच गई है। मध्यम वर्ग को राहत देते हुए नई कर व्यवस्था में 12.75 लाख रुपये तक की आय पर कर से छूट दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने बुनियादी ढांचे के विकास को एक नई गति दी है। 99 प्रतिशत गांव सड़क संपर्क से जुड़ चुके हैं। देश में प्रतिदिन 34 किलोमीटर राजमार्ग का निर्माण हो रहा है। रेल और हवाई संपर्क का भी तेजी से विस्तार हुआ है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम द्वारा लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। स्टार्टअप इंडिया योजना ने भारत को दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र बनाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का निर्माण कार्य बहुत तेजी से हो रहा है। दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड पर भी तेजी से काम हो रहा है। केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे बनने के बाद श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी।