Uttarakhand: विकसित कृषि संकल्प अभियान: पौड़ी पहुंचेगी केंद्र सरकार की टीम, किसानों से करेगी संवाद

पौड़ी गढ़वाल। केंद्र सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा चलाए जा रहे विकसित कृषि संकल्प अभियान (खरीफ 2025) के तहत उत्तराखंड में किसानों को जागरूक करने के लिए कई पहल की जा रही हैं। इस अभियान का उद्देश्य आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के ज़रिए किसानों की आय बढ़ाना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना और जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देना है।

इस अभियान के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में ब्लॉक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पौड़ी गढ़वाल में 10 जून को बीरोंखाल ब्लॉक और 11 जून को देवराड़ी देवी पौखड़ा में कार्यक्रम आयोजित होंगे।

इन कार्यक्रमों में केंद्र सरकार के प्रतिनिधि अनूप सिंह बिष्ट (उप सचिव, विस्तार, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय), श्रीमती एस. भानमती (उप निदेशक) और जिस्नु के. जे. (क्षेत्रीय गृह अर्थशास्त्री) भाग लेंगे। वे किसानों को कृषि योजनाओं, नई तकनीकों, उन्नत बीजों, नवाचार, जल प्रबंधन, जैविक खेती और बाजार संपर्क जैसे विषयों पर मार्गदर्शन देंगे और उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। साथ ही, अधिकारियों के साथ अभियान की समीक्षा भी की जाएगी।

जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी पौड़ी गढ़वाल ने सभी संबंधित विभागों (कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता आदि) को अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। यह अभियान प्रधानमंत्री के “अमृत काल” के विजन और “समृद्ध किसान, सशक्त भारत” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

“विकसित कृषि संकल्प अभियान” से कृषि को मिल रही नई दिशा

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक तकनीकों, कृषि नवाचारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनकी उत्पादकता और आय बढ़ाना है। यह अभियान 29 मई से 12 जून 2025 तक पूरे भारत में चलाया जा रहा है। इसके तहत 16,000 वैज्ञानिकों की टीम, कृषि वैज्ञानिकों के साथ संवाद करेगी।

 

Pls read:Uttarakhand: लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर मुख्यमंत्री धामी ने की घोषणाएँ, भ्रष्टाचार पर कसा प्रहार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *