देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं को खेलों से जोड़ने पर ज़ोर दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य की सभी विधानसभाओं में विधायक खेल कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को मंच मिलेगा और नई प्रतिभाएं सामने आएंगी। गुरुवार को सचिवालय में युवा कल्याण विभाग की ‘गेम चेंजर’ योजनाओं की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने यह बात कही।
युवाओं के सर्वांगीण विकास पर ज़ोर:
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर खेलों से जोड़ा जाए। उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए साहसिक खेल गतिविधियों का प्रशिक्षण, सेना, अर्धसैनिक और पुलिस बलों में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण दिया जाए। परामर्श केंद्र स्थापित कर उन्हें शिक्षा, रोजगार पर मार्गदर्शन भी दिया जाए। नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
खेल परिसंपत्तियों का अधिकतम उपयोग:
मुख्यमंत्री ने विभाग की सभी खेल परिसंपत्तियों का अधिकतम उपयोग करने और उनके रखरखाव पर ध्यान देने को कहा। सभी बहुउद्देशीय हॉल में खेल गतिविधियों के साथ-साथ स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मिलेगी सुविधा:
मुख्यमंत्री ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अच्छा प्रशिक्षण और सुविधाएं देने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य सचिव को ‘गेम चेंजर’ योजनाओं की नियमित समीक्षा करने को भी कहा। मुख्य सचिव पहले से चल रही योजनाओं में सुधार के लिए बनाई गई कार्ययोजना की समीक्षा करेंगे ताकि योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो और पात्र व्यक्तियों को अधिकतम लाभ मिले।
बैठक में उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण विकास परिषद विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल प्रशांत आर्या सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
Pls read:Uttarakhand: उत्तराखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम के लिए लंबा इंतजार जारी