जम्मू के अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर शुक्रवार रात पाकिस्तान रेंजर्स की ओर से की गई गोलीबारी में भारतीय सेना के एक जवान शहीद हो गए। शहीद जवान सूबेदार कुलदीप चंद हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के कोहलवीं गांव के निवासी थे।
कुलदीप चंद और उनकी टीम ने आतंकवादियों को सीमा पार करने से रोका, लेकिन इस दौरान वे खुद शहीद हो गए। वे दो महीने पहले ही छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौटे थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा, एक बेटी और बुजुर्ग माता-पिता हैं। उनके शहीद होने की खबर से उनके गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक:
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सूबेदार कुलदीप चंद की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि कुलदीप चंद के शहीद होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। देश की सेवा में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।