US: सुनीता विलियम्स 9 महीने बाद धरती पर लौटीं, डॉल्फ़िन ने किया स्वागत

नई दिल्ली: भारतीय मूल की नासा अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर 9 महीने अंतरिक्ष में बिताने के बाद धरती पर वापस लौट आए हैं। स्पेसएक्स क्रू-9 के ज़रिए फ्लोरिडा तट पर उनकी सफल लैंडिंग हुई। अंतरिक्ष स्टेशन से धरती तक के सफर में उन्हें 17 घंटे लगे।

डॉल्फ़िन ने किया अनोखा स्वागत:

सुनीता विलियम्स का धरती पर वापस आने पर अनोखे अंदाज़ में स्वागत हुआ। जब उनका कैप्सूल समुद्र में उतरा, तो उनके चारों ओर डॉल्फ़िन का एक झुंड तैर रहा था। इस नज़ारे को नासा ने भी अपने वीडियो में कैद किया। रिकवरी पोत द्वारा कैप्सूल को पानी से बाहर निकालने के बाद, विलियम्स और विल्मोर को 45 दिनों के पुनर्वास कार्यक्रम के लिए ह्यूस्टन ले जाया गया।

तकनीकी खराबी के कारण लंबा हुआ मिशन:

विलियम्स और विल्मोर शुरुआत में केवल आठ दिनों के मिशन पर गए थे, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उन्हें नौ महीने और 14 दिन अंतरिक्ष में बिताने पड़े। क्रू-9 अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से स्थानीय समयानुसार सुबह 10:35 बजे रवाना हुआ। अंतरराष्ट्रीय स्टेशन पर मौजूद अन्य अंतरिक्ष यात्रियों ने उन्हें भावुक विदाई दी।

पीएम मोदी ने दिया भारत आने का न्योता:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनीता विलियम्स को पत्र लिखकर भारत आने का निमंत्रण दिया है। पत्र में पीएम मोदी ने लिखा, “भले ही आप हज़ारों मील दूर हों, लेकिन आप हमारे दिलों के करीब हैं। भारत के लोग आपके अच्छे स्वास्थ्य और आपके मिशन में सफलता के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। आपकी वापसी के बाद, हम भारत में आपसे मिलने के लिए उत्सुक हैं। भारत के लिए अपनी सबसे शानदार बेटियों में से एक की मेजबानी करना खुशी की बात होगी।” यह पत्र केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर साझा किया।

 

Pls read:US: ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध पर 24 घंटे में समाधान के दावे को बताया व्यंग्य

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *