शिमला: कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल रविवार को शिमला पहुंचीं और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ संगठन के मामलों पर चर्चा की। बाद में, दोनों हेलीकॉप्टर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। दो दिन के शिमला प्रवास के दौरान पाटिल ने पार्टी मुख्यालय में मुख्यमंत्री सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और अन्य पदाधिकारियों से मुलाकात की और संगठन के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। सोमवार को वे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी।
पीसीसी के गठन पर चर्चा:
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) का प्रारूप लगभग तैयार हो चुका है और हाईकमान से चर्चा के बाद सूची जारी की जाएगी। नई कार्यकारिणी में क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों के साथ-साथ युवा चेहरों को भी प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। कार्यकारिणी का आकार छोटा रखने पर भी विचार किया जा रहा है।
सरकार और संगठन के बीच तालमेल का मुद्दा:
बैठक में सरकार और संगठन के बीच तालमेल की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। रजनी पाटिल ने आश्वासन दिया कि वे इस मामले को शीर्ष नेतृत्व के समक्ष रखेंगी। हाईकमान जल्द ही इस सिलसिले में एक समन्वय समिति का गठन कर सकता है।
Pls read:Himachal: स्पीति घाटी में आईटीबीपी कैंप के पास गिरा विशाल हिमखंड, कई जगह भूस्खलन