वाशिंगटन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ गुरुवार को हुई बैठक के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाने पर ज़ोर देते हुए, पीएम मोदी ने खालिस्तान, अवैध प्रवासी भारतीयों जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।
‘MAGA+MIGA=MEGA’:
पीएम मोदी ने ‘मेक इंडिया ग्रेट अगेन’ (MIGA) के विजन को रेखांकित किया, जो राष्ट्रपति ट्रंप के ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ (MAGA) नारे से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि ‘MAGA’ और ‘MIGA’ मिलकर ‘MEGA’ साझेदारी बनाते हैं, जो समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगी।
MEGA का अर्थ:
मोदी ने स्पष्ट किया कि अमेरिका ‘MAGA’ से परिचित है, वहीं भारत अपनी विरासत और विकास पर ध्यान केंद्रित कर ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, जिसे ‘MIGA’ कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब अमेरिका और भारत साथ मिलकर काम करते हैं, तो ‘MAGA’ और ‘MIGA’ मिलकर ‘समृद्धि के लिए एक MEGA साझेदारी’ बन जाते हैं, जो दोनों देशों के उद्देश्यों को नया आयाम देती है।
₹43 लाख करोड़ के व्यापार का लक्ष्य:
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 500 बिलियन डॉलर (लगभग ₹43 लाख करोड़) तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों की टीमें इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए जल्द ही काम शुरू करेंगी।