
नई दिल्ली: मौसम में एक बार फिर बदलाव के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ सकती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के अलावा पंजाब, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में मौसम का मिजाज बदलने वाला है।
दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ेगी:
दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों में हल्की बारिश होने का अनुमान है, जिससे दिन के तापमान में गिरावट और ठंड में इजाफा होगा। उत्तराखंड में भी सोमवार से कई जिलों में बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में 10 फरवरी तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
हिमाचल में भी बदलेगा मौसम:
हिमाचल प्रदेश में सोमवार दोपहर बाद से मौसम बदल सकता है और 4 फरवरी को इसका असर ज्यादा दिखेगा। मौसम विभाग ने बर्फबारी और बारिश के साथ शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह स्मॉग और मध्यम कोहरा छा सकता है। कुछ जगहों पर घना कोहरा भी संभव है। शाम या रात में हल्की बारिश हो सकती है।

रविवार को रहा शुष्क मौसम:
रविवार को उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहा और अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने से गर्मी का एहसास हुआ, लेकिन रात और सुबह के समय ठंड बनी रही। कश्मीर में रविवार को आसमान में बादल छाए रहे। शनिवार को हुई बर्फबारी और बारिश से ठंड बढ़ गई थी। हिमाचल प्रदेश में रविवार को धूप खिलने से अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। शनिवार रात लाहौल घाटी समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हुई।
3 से 5 फरवरी तक जम्मू संभाग में हल्की बारिश और बर्फबारी:
मौसम विभाग के अनुसार, 3 से 5 फरवरी तक जम्मू संभाग में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के कारण न्यूनतम तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जिससे ठंड बढ़ी है।
Pls read:Delhi: ट्रंप के टैरिफ युद्ध से भारत पर अप्रत्यक्ष प्रभाव की आशंका