Uttarakhand: उत्तराखंड निकाय चुनाव में भाजपा को मिली शुरुआती बढ़त, तीन सीटों पर निर्विरोध जीत

देहरादून: उत्तराखंड निकाय चुनाव में मतदान से पहले ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को तीन सीटों पर निर्विरोध जीत मिली है। देवप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष पद पर ममता देवी, नानकमत्ता नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर प्रेम सिंह टूरना, और दिनेशपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर मंजीत कौर निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। इसके अलावा, पार्षद और सभासद पदों पर 44 प्रत्याशी भी निर्विरोध चुने गए हैं।

गुरुवार को नाम वापसी की अंतिम तिथि के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। अधिकांश निकायों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है। महापौर पद के लिए 72, अध्यक्ष पद के लिए 442, और पार्षद-सभासद पदों के लिए 4885 प्रत्याशी मैदान में हैं। कुल मिलाकर 5399 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

नामांकन पत्रों की जांच के बाद महापौर पद पर 101, अध्यक्ष पद पर 555, और पार्षद-सभासद पदों पर 5582 प्रत्याशी मैदान में थे। नाम वापसी के दौरान सभी राजनीतिक दल बागी उम्मीदवारों को मनाने में जुटे रहे। कुछ जगहों पर उन्हें सफलता भी मिली, लेकिन कई बागी अब भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, अब नगर निगमों में महापौर पद पर 72, पार्षद पद पर 2009, नगर पालिका परिषदों में अध्यक्ष पद पर 211, सभासद पद पर 1596, और नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद पर 231, तथा सभासद पद पर 1280 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं.

शुक्रवार को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे, जिसके बाद चुनाव प्रचार अभियान तेज़ हो जाएगा।

 

Pls read:Uttarakhand: मोबाइल की रिंग टोन में गूंजेगा राष्ट्रीय खेल का एंथम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *