Delhi: उत्तर भारत में शीतलहर का कहर, पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ेगी ठंड – The Hill News

Delhi: उत्तर भारत में शीतलहर का कहर, पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ेगी ठंड

खबरें सुने

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी समेत पूरा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है। दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे की चादर छाई हुई है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी और मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ने की आशंका है। जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को भी निचले इलाकों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रही। हिमाचल प्रदेश में शिमला सहित कई इलाकों में बादल छाए रहे, जिससे ठंड बढ़ गई। प्रदेश के पांच शहरों का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया।

उत्तराखंड में हिमपात की संभावना:

उत्तराखंड मौसम विभाग के अनुसार, 3 जनवरी से प्रदेश में हल्की बारिश और हिमपात शुरू हो सकता है। 4 से 7 जनवरी तक मैदानी इलाकों में भारी बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में भारी हिमपात का अनुमान है। 6 और 7 जनवरी को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे मैदानी राज्यों में भी ठंड बढ़ने का अनुमान है। ठंडी हवाओं से तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी।

जम्मू-कश्मीर में यातायात प्रभावित:

जम्मू-कश्मीर में घने कोहरे के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है। मुगल रोड लगातार पांचवें दिन बंद रहा। जम्मू आने वाली कई ट्रेनें देरी से पहुंचीं। मौसम विभाग ने घाटी के कुछ इलाकों, खासकर ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। 3 से 6 जनवरी तक एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर ज़्यादा तीव्र होगा। घाटी के ज़्यादातर इलाकों में सामान्य से लेकर भारी बर्फबारी होने का अनुमान है। कई जिलों में तापमान अभी भी जमाव बिंदु से नीचे है।

हिमाचल में बदला मौसम:

हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को मौसम ने करवट बदली। शिमला समेत पूरे प्रदेश में दोपहर बाद बादल छा गए, जिससे ठंड बढ़ गई। लाहौल-स्पीति जिले का ताबो -14.7 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। अगले 24 घंटों में बिलासपुर, मंडी, ऊना, कांगड़ा और सोलन में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, कोहरे और पाले की समस्या अभी बनी रहेगी। ताज़ा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हो सकती है।

बिहार में भी बढ़ी ठंड:

बिहार में उत्तर-पश्चिमी हवाओं और बादलों के कारण ठंड बढ़ गई है। पटना में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 4.4 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी और बांका राज्य के सबसे ठंडे स्थान रहे।

 

Pls read:Delhi: हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर व्हीलचेयर पेंशन से कुलियों ने वसूले 10 हजार, लाइसेंस रद्द

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *