
नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर देश भर में शोक की लहर है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत गांधी परिवार के सदस्य उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी डॉ. सिंह के आवास पर उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।
कांग्रेस पार्टी ने बताया है कि डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए कांग्रेस मुख्यालय में रखा जाएगा। इसके बाद राजघाट के पास उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी डॉ. सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। एक अर्थशास्त्री के रूप में उन्होंने विभिन्न पदों पर रहकर देश की सेवा की। रिजर्व बैंक के गवर्नर, पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने अपनी अमूल्य सेवाएं दीं। उन्होंने देश में आर्थिक उदारीकरण की नींव रखी। जनता और देश के विकास के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि डॉ. सिंह का जीवन ईमानदारी और सादगी का प्रतीक था। सौम्यता और बौद्धिकता उनकी पहचान थी। उन्होंने याद करते हुए बताया कि राज्यसभा में डॉ. सिंह का कार्यकाल समाप्त होने पर उन्होंने उनके समर्पण की सराहना की थी। उच्च पदों पर रहने के बावजूद डॉ. सिंह अपनी जड़ों से जुड़े रहे और सभी के लिए सहज उपलब्ध रहे। पीएम मोदी ने बताया कि मुख्यमंत्री रहते हुए भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर डॉ. सिंह के साथ उनकी खुले मन से चर्चा होती थी। दिल्ली आने के बाद भी उनसे समय-समय पर बातचीत होती रहती थी। ये बातचीत और मुलाकातें उन्हें हमेशा याद रहेंगी। पीएम मोदी ने इस दुख की घड़ी में डॉ. सिंह के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
Pls read:Delhi: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन, देश में शोक की लहर