नई दिल्ली, [7 dec]: दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत में शीतलहर ने दस्तक दे दी है, जिससे दिन के समय भी ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 8 दिसंबर, 2024 से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित करेगा। इससे पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
कश्मीर में भीषण ठंड:
शुष्क मौसम के बावजूद, कश्मीर घाटी में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। गुरुवार की रात कश्मीर के सभी क्षेत्रों में तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी का सबसे ठंडा तापमान है। दक्षिणी कश्मीर के शोपिया में तापमान -6.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया, जो जम्मू-कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा। डल झील सहित घाटी के अधिकांश जलस्रोत आंशिक रूप से जम गए हैं, और नलों में पानी भी दोपहर तक जमा रहा। मौसम विभाग ने शनिवार को भी शुष्क मौसम की भविष्यवाणी की है, जिससे रात के तापमान में और गिरावट की उम्मीद है।
उत्तराखंड में मौसम में बदलाव की संभावना:
उत्तराखंड में भी मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। शनिवार शाम तक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तराखंड और आसपास के हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय होने की संभावना है, जिससे हिमालय की चोटियों पर हल्का हिमपात हो सकता है।
पश्चिमी यूपी में ठंड का प्रकोप:
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं के चलते ठंड बढ़ गई है। 8 और 9 दिसंबर को बूंदाबांदी की संभावना है।
हवा ने रोका प्रदूषण का स्तर:
इस वर्ष दिसंबर माह में प्रदूषण का स्तर पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी दिशा से चल रही 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की हवा प्रदूषण के स्तर को बढ़ने से रोक रही है। हालांकि, शुक्रवार को नोएडा का AQI 125 और ग्रेटर नोएडा का AQI 180 (येलो श्रेणी) दर्ज किया गया था। शनिवार को नोएडा का AQI 147 और ग्रेटर नोएडा का AQI 152 दर्ज किया गया।
Pls read:Maharashtra: अजित पवार को बड़ी राहत, 1000 करोड़ रु की जब्त संपत्तियां हुईं मुक्त