![](https://thehillnews.in/wp-content/uploads/2024/07/300x250-1.jpeg)
ऋषिकेश। राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज में वन्यजीवों की सुरक्षा व बचाव कार्य को खरीदे गए इलेक्ट्रिक इंटरसेप्टर वाहन का ट्रायल के दौरान हादसा हो गया। दुर्घटना में वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) व एक उप वन क्षेत्राधिकारी (डिप्टी रेंजर) समेत चार लोगों की मौत हो गई। जबकि वन विभाग की वन्य जीव प्रतिपालक महिला अधिकारी वाहन से छिटककर चीला नहर में जा गिरीं, जिनकी तलाश एसडीआरएफ कर रही है। हादसे में पशु चिकित्साधिकारी समेत पांच अन्य घायल हो गए।
ट्रायल के समय वाहन का बायीं तरफ का पिछला टायर फट गया और गति काफी तेज थी। इससे वाहन पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया और इसके बाद चीला नहर की सुरक्षा दीवार से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
मृतक वन क्षेत्राधिकारी शैलेश घिल्डियाल प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में उप सचिव मंगेश घिल्डियाल के भाई हैं। हादसे के बाद तुरंत घायलों को ऋषिकेश एम्स में एडमिट करवाया गया। दुर्घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे हुई। ऋषिकेश से 15 किमी आगे चीला जल विद्युत गृह के पास बेंगलुरु की प्रवेग डायनामिक्स कंपनी से वन्यजीवों की सुरक्षा व बचाव कार्य के लिए इलेक्ट्रिक इंटरसेप्टर वाहन का ट्रायल हो रहा था।
वाहन मुश्किल से 700 मीटर ही चला होगा कि पिछला टायर फट गया। वाहन में चालक समेत 10 लोग सवार थे। खाई में गिरे चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस व वन विभाग के कर्मचारियों ने घायलों को ऋषिकेश एम्स पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शैलेश घिल्डियाल (वन क्षेत्राधिकारी), प्रमोद ध्यानी (उप वन क्षेत्राधिकारी), सैफ अली खान व कुलराज सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, वन्य जीव प्रतिपालक आलोकी का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीम चीला शक्ति नहर में उनकी तलाश में जुटी हुई हैं। हादसे के समय वाहन का संचालन कंपनी का चालक अश्विन बिजू कर रहा था। दुर्घटना के समय वन मंत्री अधिकारिक दौरे पर भुवनेश्वर थे लेकिन उन्होंने इसकी विशेष जांच के आदेश दिये हैं।
दुर्घटना में मृतक
-शैलेश घिल्डियाल (42 वर्ष) (वन क्षेत्राधिकारी)
-प्रमोद ध्यानी (43 वर्ष) (उप वन क्षेत्राधिकारी)
-सैफ अली खान (25 वर्ष) (संविदा चालक वन विभाग)
-कुलराज सिंह (35 वर्ष) (वाहन कंपनी कर्मचारी)
दुर्घटना में घायल
-डा. राकेश नौटियाल (पशु चिकित्सक, राजाजी नेशनल पार्क)
-हिमांशु गोसाई (वाहन चालक)
-अमित सेमवाल (वाहन चालक)
-अश्विन बिजू (कंपनी का चालक)
-अंकुश (वाहन कंपनी कर्मचारी)
नहर में गिरकर लापता
सुश्री आलोकी (वन्य जीव प्रतिपालक)
Pls read:Uttarakhand: उत्तरकाशी में मुख्यमंत्री धामी का रोड शो