बीजिंग। ताइवान और भारत के साथ सीमा पर चल रही तनातनी के बीच चीन ने अपनी सेना में भर्ती के नियमों में बदलाव किया है। चीन अब कुछ सालों में रिटायर हुए सैनिकों की दोबारा नियुक्ति करने के साथ बड़ी सैन्य में युवाओं को भर्ती करेगा।
यह पढ़ेंःविदेश में पहली बार हवाई अभ्यास करने को फ्रांस जाएंगे भारतीय राफेल
चीन ने हाल ही में ताइवान के नजदीक तीन दिन का सैन्य अभ्यास किया था। उसी दौरान चीन ने अप्रत्याशित रूप से युद्ध के लिए तैयार होने का एलान किया। अब चीन अपनी सेना में भर्ती तेज करने जा रहा है। केंद्रीय सैन्य आयोग के जारी किए संशोधित भर्ती नियमों के मुताबिक सेना में अब अधिक क्षमताओं वाले सैनिक भर्ती करने पर जोर होगा। ये सैनिक हर परिस्थिति में लड़ने के लिए प्रशिक्षित किए जाएंगे। हांगकांग से प्रकाशित साउथ चाइना मार्निंग पोस्ट अखबार के अनुसार यह भर्ती निकट भविष्य में होने वाले युद्ध की तैयारियों का हिस्सा है। चीन की सेना पहले भी अपनी लड़ाकू क्षमता बढ़ाने और 2027 तक विश्व की सर्वश्रेष्ठ सेना बनने का एलान कर चुकी है। इसके लिए कम्युनिस्ट पार्टी के अधिवेशन में सैन्य आयोग के चेयरमैन की हैसियत से राष्ट्रपति शी चिनफिंग कार्ययोजना भी पेश कर चुके हैं।