देहरादून। प्रेम प्रसंग के चलते एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। हत्या से पहले महिला ने पति को जमकर शराब पिलाई, उसके बाद प्रेमी को बुलाकर हत्या कर दी। आरोपियों ने हत्या के बाद शव नाले में फेंक दिया।
राजपुर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष राजपुर जितेंद्र चौहान ने बताया कि रविवार सुबह उन्हें मक्कावाला के पास नदी में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली। मृतक की पहचान अमजद निवासी मक्कावाला राजपुर के रूप में हुई। मृतक राजमिस्त्री था और किराए पर अपनी पत्नी व तीन बच्चों के साथ रहता था। पुलिस ने मृतक के घर पहुंच उसकी पत्नी से पूछताछ की तो महिला ने पहले तो पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
पुलिस को मृतक के बेटे ने बताया कि रात को उसकी मां व पिता के बीच झगड़ा हुआ था। आसपास पूछने पर जानकारी मिली कि एक व्यक्ति महिला से मिलने के लिए आता रहता है। पुलिस का शक गहराया तो मृतक की पत्नी से सख्ती से पूछताछ की गई। महिला ने बताया कि वह अपने पति से खुश नहीं थी। वह हरिद्वार निवासी पिंटू नाम के व्यक्ति से प्यार करती है। वह पिंटू के साथ रहना चाहती थी, लेकिन उसका पति उसके रास्ते में रोड़ा बन रहा था। इस पर उसने पिंटू के साथ मिलकर अपने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।