अयोध्या। आज अयोध्या में रामनवमी की धूम मची हुई है। नगर में लाखों की संख्या में श्रद्घालु पहुंचे हैं। प्रशासन को क्राउड मैनेजमेंट में पूरी ताकत झोंकनी पड़ रही है। रामनवमी के लिए देश विदेश से राम भक्त अयोध्या पहुंच रामलला के दरबार में जन्मोत्सव मना रहे हैं। नगर में कनक भवन समेत अन्य मंदिरों में जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। एक जानकारी के मुताबिक करीब 20 लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंच गए हैं। रामलला के दरबार को फूलों से सजाया गया है। राम सहित चारों भाइयों को सोने का मुकुट पहनाया जाएगा।
अयोध्या पहुंचे भक्तों ने बुधवार को सबसे पहले सरयू में डुबकी लगाई। उसके बाद काफिला मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए निकल पड़ा। चौक-चौराहों पर जहां एलईडी पर श्रद्धालु राममंदिर निर्माण की भव्यता से रूबरू होते रहे।
ये भी पढ़ें-uttarpradesh : भाजपा उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में मुस्लिम प्रत्याशियों को भी देगी टिकट
आज रामलला को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगेगा। बधाई गान की स्तुति की जाएगी। श्रीरामजन्मभूमि के मुख्य अर्चक आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया कि हर बार डेढ़ क्विंटल पंजीरी का भोग प्रसाद बनता था। इस बार ट्रस्ट 10 क्विंटल पंजीरी का भोग प्रसाद बनवा रहा है। रामजन्म की आरती के दर्शनार्थियों को प्रसाद बांटा जाएगा। इसके लिए ट्रस्ट एक लाख पैकेट तैयार करा रहा है। इसमें कुट्टू, सिंघाड़ा, धनिया व रामदाना की पंजीरी का मिक्स प्रसाद होगा।