लखनऊ। उत्तरप्रदेश की योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक साल पूरा होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रदेश की जनता के सामने छह साल की उपलब्धियों का ब्यौरा पेश किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार ने छह साल में प्रदेश को लेकर लोगों की धारणा बदली है। अब यूपी की पहचान उपद्रवियों से नहीं उत्सवों से होती है। अब प्रदेश माफियाओं के कारण नहीं बल्कि महोत्सव के कारण पहचाना जाता है। उन्होंने कहा कि हमने नया यूपी बनाया है। छह वर्ष पहले लोग कहते थे कि यूपी में कभी विकास नहीं हो सकता, लेकिन यह धारणा बदली है आज उत्तर प्रदेश विकास की दौड़ में पहले स्थान है।
यह भी पढ़ेंःuttarpradesh : सीएम योगी ने आकांक्षात्मक विकास खंडों की समीक्षा की, बोले- दें पर्याप्त मैनपावर
उन्होंने कहा कि ये वही उत्तर प्रदेश है जो छह साल पहले हर दूसरे तीसरे दिन दंगा होता था। परिवारवाद की राजनीति तब चरम पर थी। अब यूपी की नई छवि देश और दुनिया के सामने है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमने यूपी में पुलिस सुधार किए। प्रदेश में सात पुलिस कमिश्नरेट बने। तहसील के स्तर पर फायर ब्रिगेड बने। हर जिले में पुलिस के लिए बैरक बनाए जा रहे हैं और साइबर थानों की स्थापना हो रही है। प्रदेश में रोजगार और निवेश के लिए माहौल बना है। सरकारी नौकरियों में जातिवाद, भ्रष्टाचार और परिवारवाद को खत्म किया गया है। ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट 2023 में प्रदेश में निवेश के लिए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन हुए। ईज आफ डूइंग बिजनेस में प्रदेश दूसरे स्थान पर है। हमने प्रदेश के लोगों की आय को दोगुना किया है।