देहरादून। हिमाचल प्रदेश में कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले के तार भी उत्तराखंड से जुड़ रहे हैं। मंगलवार को सीबीआइ ने देहरादून और हरिद्वार में कुछ स्थानों पर दबिश देते हुए पेपर लीक कांड को लेकर अहम दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। बताया जा रहा है कि हिमाचल में पकड़े गए कुछ जालसाजों का नेटवर्क उत्तराखंड तक है। इसी की पड़ताल में सीबीआइ ने देहरादून और हरिद्वार में कुछ जगहों पर दबिश दी। स्थानीय सीबीआइ ब्रांच की टीम को लेकर दोनों शहरों में कुछ लोग से पूछताछ भी की गई है। हालांकि, किसी की गिरफ्तारी की बात अभी तक सामने नहीं आई है।
सीबीआइ के प्रवक्ता के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में 1334 कांस्टेबल की भर्ती के लिए 27 मार्च 2022 को आनलाइन परीक्षा हुई थी। इस परीक्षा का पांच अप्रैल 2022 को परिणाम घोषित किया गया। परिणाम आने के बाद धांधली की बात सामने आई। छह मई 2022 को कांगड़ा में इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसके बाद हिमाचल सरकार ने एक एसआइटी का गठन किया। एसआइटी ने कई माह की जांच के दौरान 227 आरोपित को गिरफ्तार किया। इसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भी शामिल थे। परीक्षा में बड़ी घपलेबाजी होने के चलते सरकार की ओर से 30 नवंबर 2022 को जांच सीबीआइ को सौंपी गई। इस मामले में सीबीआइ ने प्राथमिक तथ्यों के आधार पर चंडीगढ़ ब्रांच में नवंबर माह में दो मुकदमे दर्ज किए। तब से जांच सीबीआइ कर रही है।
यह भी पढ़ेंः paper leak : पटवरी भर्ती पेपर लीक कांड में दो और आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार