वॉशिंगटन। दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेनसन हुआंग के इस्तीफे से पहले के आखिरी दिन काफी तनावपूर्ण रहे। हमेशा आत्मविश्वास, ऊर्जा और कंपनी पर मजबूत पकड़ के लिए पहचाने जाने वाले हुआंग का व्यवहार विवादों के बीच पूरी तरह बदल गया था। एक रिपोर्ट के मुताबिक, पद बचाने के लिए कई सप्ताह तक संघर्ष करने के बाद आखिरकार उन्होंने हार मान ली। विवाहेतर संबंधों और चीन की खुफिया एजेंसियों से कथित संबंध रखने वाली एक महिला से जुड़े विवाद ने उनके नेतृत्व पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में मामले से परिचित एक व्यक्ति के हवाले से बताया गया है कि हुआंग का पहले जैसा आत्मविश्वास और हर परिस्थिति को अपने नियंत्रण में रखने वाला स्वभाव अब नजर नहीं आ रहा था। एनवीडिया के सह-संस्थापक के रूप में उन्होंने कंपनी को एआई उद्योग की बड़ी ताकत बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। लेकिन निजी जीवन से जुड़े आरोपों और बढ़ते विवाद ने उनकी स्थिति कमजोर कर दी।
आखिरी घंटों में नजर आया निराशाजनक रवैया
रिपोर्ट के अनुसार, हुआंग अपने आखिरी समय में बेहद निराश नजर आने लगे थे। वह ऐसी बातें कहने लगे थे, जिनसे साफ झलकता था कि अब उन्हें परिस्थितियों से ज्यादा फर्क नहीं पड़ रहा है। अपनी बारीकियों पर नजर रखने और लगातार सक्रिय रहने के लिए पहचाने जाने वाले हुआंग विवादों के कारण मानसिक रूप से काफी दबाव में थे।
बताया गया है कि अपनी बेवफाई स्वीकार करने और एक चीनी महिला से जुड़े कथित जासूसी मामले के आरोपों के सामने आने के बाद उनका संघर्ष कमजोर पड़ने लगा था। इस्तीफे से कुछ दिन पहले तक वह अपनी स्थिति बचाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, बुधवार देर रात तक उनका हौसला जवाब दे गया। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उन्होंने खुद को बेहद घटिया इंसान बताते हुए अपने व्यवहार पर पछतावा भी जताया।
डोनल्ड ट्रंप ने फोन कर दी थी संघर्ष जारी रखने की सलाह
इस पूरे घटनाक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की भूमिका भी सामने आई है। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने मंगलवार को हुआंग से फोन पर बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने हुआंग को अपनी स्थिति बचाने के लिए संघर्ष जारी रखने की सलाह दी थी। हालांकि, इसके बावजूद गुरुवार को हुआंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
विवाद की शुरुआत कई महिलाओं के साथ उनके कथित संबंधों की खबरें सामने आने के बाद हुई। इनमें चीनी व्यवसायी एलिस हुआंग का नाम भी शामिल बताया गया है। अमेरिकी अधिकारियों को संदेह है कि उनके संबंध बीजिंग की खुफिया सेवाओं से हो सकते हैं। इसके अलावा, एनवीडिया की एक महिला अधिकारी के साथ भी हुआंग के कथित संबंधों की चर्चा सामने आई। बाद की रिपोर्टों में इस अधिकारी की पहचान कंपनी की उपाध्यक्ष किम्बर्ली पॉवेल के रूप में बताई गई।
व्हाइट हाउस तक पहुंचा विवाद
हुआंग से जुड़ा मामला अब केवल एनवीडिया के नेतृत्व तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसका असर अमेरिकी प्रशासन तक भी पहुंचता दिखाई दे रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत तकनीक के क्षेत्र में चीन को निर्यात किए जाने वाले उत्पादों की पहले से ही कड़ी निगरानी हो रही है।
रिपोर्टों के अनुसार, व्हाइट हाउस इस बात पर भी विचार कर रहा है कि चीन को तकनीक निर्यात से जुड़े मामलों को संभालने के तरीके के कारण वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक को पद से हटाया जाए या नहीं। ऐसे में एनवीडिया से जुड़ा विवाद कंपनी की प्रतिष्ठा के साथ-साथ अमेरिका की तकनीकी और व्यापारिक नीतियों के लिए भी अहम होता जा रहा है।
Pls read:US: एनवीडिया में नए CEO की तलाश तेज भारतीय मूल के तीन दिग्गज भी दौड़ में शामिल