नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘बीलोंगिंगः ए जर्नी ऑफ लव’ में नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि नेशनल हेराल्ड को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया से न तो उन्हें और न ही राहुल गांधी को कोई आर्थिक लाभ मिला। सोनिया ने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए आरोप लगाने वाले और न्यायाधीश की भूमिका एक साथ निभा रही है।
संस्मरण में सोनिया गांधी ने लिखा है कि वर्ष 2010 में प्रतिष्ठित लेखा और कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लेने के बाद उन्होंने नेशनल हेराल्ड को पुनर्जीवित करने की पहल की थी। इसके लिए एक नई गैर-लाभकारी इकाई बनाई गई थी। इस व्यवस्था में किसी भी शेयरधारक या निदेशक को आर्थिक लाभ मिलने की गुंजाइश नहीं थी।
उन्होंने दावा किया कि नई इकाई के बोर्ड में शामिल किसी भी निदेशक, राहुल गांधी, स्वयं उन्हें या पुनरुद्धार प्रक्रिया से जुड़े किसी अन्य व्यक्ति को इस उद्यम से एक पैसा भी नहीं मिला। इसके बावजूद उनके और अन्य लोगों के खिलाफ आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया। सोनिया के अनुसार, दिसंबर 2015 में उन्हें जमानत के लिए अदालत में पेश होना पड़ा था और मामला अब भी अदालत में विचाराधीन है।
इंदिरा गांधी की हार के बाद राहुल का जन्मदिन हुआ था उदास
सोनिया गांधी ने संस्मरण में परिवार से जुड़ी कुछ पुरानी यादें भी साझा की हैं। उन्होंने लिखा कि वर्ष 1977 में इंदिरा गांधी की चुनावी हार के बाद राहुल गांधी के दोस्तों ने उनके जन्मदिन की पार्टी में आने से इनकार कर दिया था। इस वजह से राहुल का सातवां जन्मदिन उदासी भरा हो गया था।
सोनिया के मुताबिक, उस समय राजीव गांधी ने राहुल को अपने पास बैठाकर समझाया था कि संभव है उनके दोस्तों के माता-पिता राहुल के परिवार से दोस्ती करने से डरते हों। उन्होंने कहा था कि कुछ लोग सरकार से डरते हैं।
द्रमुक से गठबंधन को लेकर असमंजस में थीं सोनिया
सोनिया गांधी ने 2004 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों को साथ लाने के प्रयासों का भी जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि समावेशी गठबंधन बनाने के दौरान उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती द्रमुक के साथ गठबंधन करना था।
इसकी वजह यह थी कि द्रमुक के कार्यकर्ता वर्ष 1991 में लिट्टे समर्थक थे और इसी संगठन ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या की थी। सोनिया ने लिखा कि जब उन्होंने द्रमुक प्रमुख एम. करुणानिधि को पहली बार फोन किया, तो वह काफी घबराई हुई थीं और उनकी धड़कनें तेज हो गई थीं।
नीतीश कुमार पर भी साधा निशाना
हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए सोनिया गांधी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी टिप्पणी की है। उन्होंने लिखा कि शुरुआत में नीतीश कुमार ने विपक्षी दलों को एकजुट करने में सक्रिय भूमिका निभाई थी, लेकिन जनवरी 2024 में वह महागठबंधन से अलग हो गए और भाजपा के साथ मिलकर बिहार में सरकार बना ली।
सोनिया ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए से बाहर निकलने का मौका तलाश रहे थे और भाजपा के नियंत्रण में थे।
Pls read:Delhi: दीपावली से पहले दिल्ली की हवा हुई जहरीली, 364 पहुंचा AQI