देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सर्वे चौक स्थित आई.आर.डी.टी सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक जागरूकता अभिमुखीकरण कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने सामाजिक सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए प्रदेश के 9 लाख 74 हजार 338 लाभार्थियों के खातों में ‘वन क्लिक’ के माध्यम से मई 2026 की पेंशन राशि हस्तांतरित की। कुल 176 करोड़ 59 लाख 24 हजार रुपये की यह धनराशि सीधे डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों तक पहुंचाई गई। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्ति अभियान में सहयोग करने और वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान व देखभाल की शपथ भी दिलाई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक न्याय और जन कल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित है। सरकार का मुख्य लक्ष्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव, देरी या प्रशासनिक बाधा के योजनाओं का लाभ प्रदान करना है। उन्होंने जोर दिया कि यह कार्यशाला कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने में सेतु का कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ जन-धन, उज्ज्वला, पीएम आवास और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन को सुगम बनाया है।
राज्य के प्रयासों पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि अंत्योदय परिवारों को साल में तीन गैस सिलेंडर मुफ्त दिए जा रहे हैं और दिव्यांग कर्मचारियों के वाहन भत्ते में वृद्धि की गई है। ‘लखपति दीदी योजना’ और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘अपणि सरकार पोर्टल’ और ‘वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम’ जैसे कदमों से विकास को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है। बुनियादी ढांचे के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के साथ-साथ केदारखंड व मानसखंड मंदिर माला मिशन पर तेजी से काम चल रहा है। शारदा, ऋषिकेश-हरिद्वार और यमुना जैसे कई कॉरिडोर के निर्माण से धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई मिलेगी।
उत्तराखंड की आर्थिक प्रगति के आंकड़े पेश करते हुए पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य की आर्थिकी डेढ़ गुना बढ़ी है और जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत का उछाल आया है और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी दर्ज की गई है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) सूचकांक में उत्तराखंड को देश में प्रथम स्थान मिला है। साथ ही, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में राज्य ‘अचीवर्स’ की श्रेणी में है।
कानून-व्यवस्था और पारदर्शी शासन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सख्त धर्मांतरण विरोधी, दंगा विरोधी और नकल विरोधी कानून लागू किए गए हैं। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर 11 हजार एकड़ सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया है और पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। अंत में उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए प्रक्रियाओं के सरलीकरण, तकनीक के उपयोग और नियमित मॉनिटरिंग की रणनीति पर बल दिया। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक सविता कपूर, पार्वती दास, भूपाल राम टम्टा सहित सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी और अपर सचिव प्रकाश चन्द्र मौजूद रहे।
Pls read:Uttarakhand: पंजाब की चार नगर परिषदों में चुनाव के लिए 403 नामांकन दाखिल