Uttarakhand: डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ली – The Hill News

Uttarakhand: डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ली

देहरादून। उत्तराखंड को सोमवार को नए राज्यपाल के रूप में डॉ. ढाल सिंह बिसेन मिले। लोक भवन में आयोजित समारोह में उन्होंने सुबह 11 बजे राज्यपाल पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित प्रदेश के कई प्रमुख राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोग मौजूद रहे।

डॉ. बिसेन रविवार शाम को ही शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए देहरादून पहुंच गए थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 12 अक्टूबर को उत्तराखंड समेत छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की घोषणा की थी। मध्य प्रदेश निवासी डॉ. बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया।

शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत निर्धारित औपचारिकताओं के साथ हुई। प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति पत्र पढ़कर सुनाया। इसके बाद डॉ. बिसेन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कार्यक्रम का शुभारंभ और समापन राष्ट्रगीत वंदे मातरम् तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ। शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल ने उत्तराखंड पुलिस की ओर से दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण भी किया।

देवभूमि की सेवा को बताया सौभाग्य

शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड की जनता के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि की पवित्र धरती और यहां के लोगों को वह हृदय से नमन करते हैं। राज्य की सेवा का अवसर देने के लिए उन्होंने देश के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया।

राज्यपाल ने उत्तराखंड को आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे चार धाम प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इसके अलावा आदि कैलाश और जागेश्वर धाम जैसे धार्मिक स्थल भी उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाते हैं। प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की दृष्टि से भी यह प्रदेश देश-दुनिया में विशेष स्थान रखता है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर रहेगा जोर

डॉ. बिसेन ने उत्तराखंड को वीरभूमि बताते हुए कहा कि यहां के अनेक परिवारों के सदस्य देश की रक्षा के लिए सेना में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने प्रदेश की महिलाओं, युवाओं और किसानों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इन वर्गों की भूमिका राज्य की प्रगति में महत्वपूर्ण है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के विकास को लेकर व्यक्त किए गए विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करने होंगे।

राज्यपाल ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना और पद की गरिमा बनाए रखना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियां होंगी। इसके साथ ही राज्य सरकार और जनता के सहयोग से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण, रोजगार तथा जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को गति देने पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की शांति, सुरक्षा और समृद्धि सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

समारोह में कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत और विजय बहुगुणा उपस्थित रहे। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, धन सिंह रावत, गणेश जोशी, खजान दास और मदन कौशिक सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, महेंद्र भट्ट और नरेश बंसल के अलावा पूर्व मंत्री अमृता रावत, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और सविता कपूर भी मौजूद रहीं। योग गुरु स्वामी रामदेव, परमार्थ निकेतन के प्रमुख स्वामी चिदानंद सरस्वती, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ तथा राजभवन और उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने किया।

 

Pls read:Uttarakhand: उत्तराखंड में एक लाख करोड़ से अधिक के निवेश की ग्राउंडिंग का दावा चौथी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी जल्द

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *