नैनीताल। जिला न्यायालय के बाद अब उत्तराखंड उच्च न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। इस सूचना के प्राप्त होते ही एसएसपी मंजूनाथ टीसी समेत पुलिस के तमाम आला अधिकारी जांच-पड़ताल के लिए हाईकोर्ट पहुंच गए हैं। खतरे की गंभीरता को देखते हुए उच्च न्यायालय परिसर को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य न्यायाधीश समेत अन्य सभी न्यायाधीशों को तुरंत कोर्ट रूम से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। न्यायालय परिसर के भीतर और बाहर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), डॉग स्क्वाड और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। उच्चाधिकारी स्वयं सर्च ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर न्यायालय में प्रवेश के सभी द्वारों को बंद कर दिया गया है, साथ ही परिसर के सामने से गुजरने वाले आम जनता के रास्ते पर भी आवाजाही रोक दी गई है।
जिस समय धमकी की खबर मिली, उस दौरान कोर्ट नंबर 4, 5 और 6 में न्यायिक कार्यवाही जारी थी और न्यायाधीश अपनी पीठ पर बैठे हुए थे। सूचना मिलते ही कार्यवाही रोक दी गई और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वर्तमान में सभी अधिवक्ता और न्यायालय कर्मी परिसर के खुले मैदान में एकत्रित हैं। स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता ने वरिष्ठ न्यायाधीशों और हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ एक आपातकालीन बैठक की।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश सिंह रावत ने मीडिया को बताया कि यह धमकी भरा ई-मेल रजिस्ट्रार जनरल के कार्यालय में प्राप्त हुआ था। इसके तुरंत बाद पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया और अब परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की सभी विंग सुरक्षा सुनिश्चित करने और परिसर को सैनिटाइज करने में जुटी हुई हैं।
मौके पर मौजूद एसएसपी मंजूनाथ टीसी, एसपी जगदीश चंद्र और हाई कोर्ट के सुरक्षा अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ जांच को आगे बढ़ा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल के आईपी एड्रेस और उसके स्रोत को खंगालने में जुट गई हैं ताकि धमकी देने वाले का पता लगाया जा सके। एक ही दिन में प्रदेश की चार अदालतों को निशाना बनाने की धमकी मिलने के बाद से पूरे राज्य के न्यायिक परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल हाई कोर्ट परिसर में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
Pls read:Uttarakhand: चंपावत के शारदा रेंज में हाथी का तांडव, चारा लेने गई महिला को कुचलकर मार डाला