उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को चिन्यालीसौड़ विकास खंड परिसर में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया और स्थानीय ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों की उपस्थिति में अधिकांश जनसमस्याओं का तुरंत निस्तारण कराया और शेष के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार के इस विशेष अभियान से आम जनता को काफी राहत मिली है और प्रशासनिक व्यवस्था पहले से अधिक सुगम और पारदर्शी हुई है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश भर में 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें पांच लाख से अधिक नागरिकों ने हिस्सा लिया है। इन शिविरों के माध्यम से 40 हजार से ज्यादा लोगों को सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा यह है कि दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को अपनी छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालयों तक न जाना पड़े, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार पर आकर सेवा दे।
एक महत्वपूर्ण रणनीतिक घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टी से हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू की जाएंगी। इन दोनों हवाई पट्टियों का संचालन सेना के माध्यम से करने की योजना है। उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि अप्रैल से शुरू होने वाली इस यात्रा के लिए सरकार ने तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं ताकि श्रद्धालु अच्छा अनुभव लेकर लौटें। उन्होंने कहा कि सरकार केवल एक समन्वयक की भूमिका में है, जबकि यात्रा को सफल बनाने के असली सूत्रधार स्थानीय हितधारक, तीर्थ पुरोहित और होटल व्यवसायी हैं।
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि राज्य की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों को अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। सरकार ने अब तक दो लाख से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाकर आर्थिक रूप से सशक्त किया है। उन्होंने स्थानीय मांगों पर ध्यान देते हुए चिन्यालीसौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और महाविद्यालय के उच्चीकरण को अपनी घोषणाओं में शामिल करने का आश्वासन दिया।
मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और बताया कि इस अभियान के तहत अब तक 40 हजार से अधिक प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जो समस्याएं मौके पर हल नहीं हो पाई हैं, उन्हें ऑनलाइन दर्ज कर उनका नियमित फॉलोअप किया जा रहा है। कार्यक्रम में यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, रामसुंदर नौटियाल, प्रताप पंवार, गीताराम गौड़, किशोर भट्ट, मनवीर चौहान, स्वराज विद्वान, रणबीर सिंह महंत, मनोज कोहली सहित जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय उपस्थित रहे।