शिमला। हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का व्यवहार ऐसा नहीं है कि उनके साथ कहीं मिलकर जाया जा सके। ठाकुर ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी के लिए हिमाचल प्रदेश का हित सबसे ऊपर है और पार्टी अपने तरीके से केंद्र सरकार के समक्ष प्रदेश की मांगों को मजबूती से रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री केवल राजनीति कर रहे हैं और उन्हें प्रदेश के वास्तविक विकास से कोई सरोकार नहीं है, वे केवल अपने राजनीतिक हितों को साधने के लिए हिमाचल का इस्तेमाल कर रहे हैं।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने दावा किया कि सत्ता में आने के बाद से कांग्रेस सरकार लगातार केंद्र से भरपूर आर्थिक सहयोग ले रही है, लेकिन इसके बावजूद प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के खिलाफ अनर्गल टिप्पणियां कर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्य मुद्दा यह नहीं है कि केंद्रीय बजट में ‘रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट’ (आरडीजी) का उल्लेख हुआ या नहीं, बल्कि सवाल यह है कि जब यह ग्रांट प्रदेश को मिल रही थी, तब भी राज्य सरकार वित्तीय तंगी का रोना क्यों रो रही थी।
ठाकुर ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य वित्तीय आपातकाल की ओर बढ़ रहा है और इसके लिए पूरी तरह से राज्य सरकार का वित्तीय कुप्रबंधन जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि अपनी विफलताओं का दोष केंद्र या पूर्ववर्ती सरकारों पर मढ़ना किसी समस्या का समाधान नहीं है। यदि आरडीजी बंद हुई है, तो सरकार को यह आत्ममंथन करना चाहिए कि क्या वह केंद्र के सामने अपना पक्ष प्रभावी ढंग से रखने में विफल रही है। आर्थिक संकट दूर करने के लिए ठोस नीति और वित्तीय अनुशासन की जरूरत है, न कि केवल राजनीतिक भाषणबाजी की। ठाकुर ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी वित्तीय सहायता मिलने के बावजूद सरकार प्रदेश में संकट का माहौल क्यों पैदा कर रही है।
विधानसभा की कार्यवाही का जिक्र करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण के बाद धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा करना एक स्थापित परंपरा और नियम है। लेकिन सरकार इसे दरकिनार कर आरडीजी पर राजनीतिक प्रस्ताव लाने की जिद पर अड़ी थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सहयोग के लिए हमेशा तैयार है, बशर्ते सरकार का व्यवहार लोकतांत्रिक और जिम्मेदार हो। ठाकुर ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने हिमाचल को पहले के मुकाबले पांच गुना ज्यादा आर्थिक मदद दी है। इस मौके पर उनके साथ विधायक बलवीर वर्मा, हंसराज, विनोद कुमार और मीडिया प्रभारी करण नंदा भी उपस्थित रहे।