नई दिल्ली 20 जनवरी 2026
भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में आज एक बड़ा परिवर्तन हुआ है। अनुभवी नेता नितिन नवीन ने आधिकारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया है। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक भव्य और गरिमामय समारोह में नितिन नवीन की ताजपोशी की गई। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्री और पार्टी के तमाम बड़े नेता उपस्थित रहे। पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त अध्यक्ष को सभी वरिष्ठ नेताओं ने बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संगठन की लोकतांत्रिक परंपराओं पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से पार्टी के भीतर विभिन्न स्तरों पर चुनाव की प्रक्रिया चल रही थी, जो पूरी तरह से पारदर्शी और लोकतांत्रिक थी। आज नितिन नवीन के अध्यक्ष बनने के साथ ही इस विधिवत प्रक्रिया का सफलतापूर्वक समापन हो गया है। मोदी ने कहा कि नितिन नवीन अब दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व करने जा रहे हैं, जो उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी और गौरव का विषय है।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण के दौरान भाजपा के गौरवशाली इतिहास और इसके संस्थापकों के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों में पार्टी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती, अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने जैसे महत्वपूर्ण महापर्व मनाए हैं। ये अवसर हमें पार्टी की विचारधारा और संघर्ष की याद दिलाते हैं।
पार्टी के शून्य से शिखर तक पहुँचने के सफर की चर्चा करते हुए नरेंद्र मोदी ने पूर्व अध्यक्षों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में भाजपा ने अपनी नींव मजबूत की और शुरुआती संघर्षों को पार किया। इसके बाद वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी जैसे नेताओं ने संगठन के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राजनाथ सिंह के कार्यकाल में पार्टी ने पहली बार अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया, जबकि अमित शाह के कुशल रणनीतिक नेतृत्व में भाजपा दूसरी बार और भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में आई। जेपी नड्डा के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा ने पंचायत से लेकर संसद तक अपनी पहुंच को अभूतपूर्व तरीके से मजबूत किया है।
इस संबोधन का सबसे चर्चा का विषय वह क्षण रहा जब प्रधानमंत्री ने नितिन नवीन के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। नरेंद्र मोदी ने एक मिसाल पेश करते हुए कहा कि नितिन नवीन आज से उनके ‘बॉस’ हैं और वे स्वयं उनके एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाहरी दुनिया के लिए मोदी भले ही देश के प्रधानमंत्री हों या 50 साल की उम्र में मुख्यमंत्री बनकर लंबे समय तक सरकार के मुखिया रहे हों, लेकिन पार्टी के भीतर उनकी पहचान केवल एक अनुशासित कार्यकर्ता की है।
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि पदों की अपनी गरिमा और स्थान होता है, लेकिन भाजपा जैसी विचारधारा आधारित पार्टी में सबसे बड़ी उपलब्धि एक निष्ठावान कार्यकर्ता होना ही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नवीन के युवा और अनुभवी नेतृत्व में पार्टी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी और जनता के विश्वास पर खरी उतरेगी। इस ताजपोशी के साथ ही भाजपा ने भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए अपने नए सेनापति के नेतृत्व में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया है। मुख्यालय में मौजूद हजारों कार्यकर्ताओं ने इस बदलाव का जोरदार नारों के साथ स्वागत किया।
Pls read:Delhi: नितिन नबीन होंगे भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष और आज मुख्यालय में दाखिल करेंगे नामांकन