Germany: बर्लिन में दिए भाषण पर राहुल गांधी को घेरते हुए भाजपा ने उन पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया – The Hill News

Germany: बर्लिन में दिए भाषण पर राहुल गांधी को घेरते हुए भाजपा ने उन पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर एक बार फिर जोरदार हमला बोला है। भाजपा ने राहुल गांधी को उनके बर्लिन में दिए गए भाषण को लेकर आड़े हाथों लिया है और उन पर देश में अराजकता और अशांति फैलाने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के विदेश दौरों और वहां दिए जाने वाले बयानों को भारत विरोधी एजेंडा करार दिया है।

भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी का एक वीडियो शेयर करते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने लिखा कि राहुल गांधी की कांग्रेस अपने वैचारिक संरक्षक जॉर्ज सोरोस के साथ मिलकर भारतीय लोकतंत्र में अराजकता और अशांति फैलाना चाहती है। भंडारी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत विरोधी ताकतों को एकजुट करने के लिए ही विदेश जाते हैं। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि कांग्रेस भारतीय लोकतंत्र और भारत की तरक्की से नफरत करती है। प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वे विपक्ष के नेता नहीं बल्कि एक भारत विरोधी नेता हैं जो विदेश जाकर अपने ही देश के खिलाफ बोलते हैं। उनका कहना था कि राहुल अभी भी एक बच्चे की तरह काम कर रहे हैं न कि किसी परिपक्व नेता की तरह।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी राहुल गांधी के बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे विपक्ष के नेता नहीं बल्कि दुष्प्रचार और पलायन के नेता हैं। पूनावाला ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने देश का अपमान करने की कला में महारत हासिल कर ली है। उन्होंने बर्लिन में राहुल गांधी के उस बयान का जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत की संस्थाओं पर कब्जा कर लिया गया है और वहां कुछ भी निष्पक्ष नहीं है।

पूनावाला ने दावा किया कि राहुल गांधी का एकमात्र एजेंडा भारत विरोधी तत्वों और जॉर्ज सोरोस के एजेंटों से मिलना है। उन्होंने इल्हान उमर और सलिल शेट्टी जैसे नामों का जिक्र करते हुए कहा कि ये लोग भारत के खिलाफ जहर उगलते हैं और राहुल गांधी विदेशी धरती पर जाकर भारत पर बेबुनियाद आरोप लगाते हैं।

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बर्लिन के हर्टी स्कूल में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर देश के संस्थागत ढांचे पर कब्जा करने का आरोप लगाया था। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताया था और कहा था कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों को हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रही है जिससे भाजपा को फायदा हो रहा है। भाजपा ने इन्हीं बयानों को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

 

Pls read:Delhi: बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ दिल्ली में उच्चायोग के बाहर लोगों का उग्र प्रदर्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *