पंजाब को औद्योगिक विकास के नक्शे पर मजबूती से उभारने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक बड़ी पहल की है। बुधवार को चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्री ने जापान के साथ रणनीतिक गठजोड़ की पुरजोर वकालत की। उन्होंने उन्नत विनिर्माण, मोबिलिटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, खाद्य प्रसंस्करण, नवीकरणीय ऊर्जा और वैश्विक सेवाओं जैसे प्रमुख क्षेत्रों में जापान के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा भी मौजूद थे। उन्होंने जापान के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तृत चर्चा की जिसमें जापानी दूतावास, जेट्रो और जेसीसीआई के प्रतिनिधियों के अलावा भारत में काम कर रही पैनासोनिक, सुमितोमो, निप्पॉन, एनईसी और टोयोटा जैसी 25 से अधिक अग्रणी जापानी कंपनियों के अधिकारी शामिल थे। यह बातचीत मार्च 2026 में मोहाली के इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस में होने वाले छठे प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों का एक अहम हिस्सा थी।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब साहस, कड़ी मेहनत और उद्यमशीलता के लिए जाना जाता है। उन्होंने जापानी कंपनियों को पंजाब के औद्योगिक परिवर्तन के अगले चरण का हिस्सा बनने का खुला न्योता दिया। मान ने याद दिलाया कि पंजाब और जापान के बीच विश्वास और अनुशासन का पुराना रिश्ता है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि राज्य में पहले से ही माजदा, सुमितोमो, एसएमएल इसुजु, आयची स्टील और गुन्मा सिको जैसी कंपनियां ऑटोमोटिव क्षेत्र में शानदार काम कर रही हैं। इसके अलावा खुदरा क्षेत्र में यूनिक्लो और रिन्यूएबल एनर्जी में मित्सुई एंड कंपनी की सफलता इस बात का प्रमाण है कि जापानी निवेशकों को पंजाब की स्थिरता और कौशल पर पूरा भरोसा है।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब आज भारत के सबसे बिजनेस फ्रेंडली राज्यों में से एक है। केंद्र सरकार ने 2024 की बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान रैंकिंग में पंजाब को टॉप अचीवर के रूप में मान्यता दी है। यह उपलब्धि राज्य सरकार द्वारा व्यापार में सुगमता और पारदर्शिता पर दिए गए जोर को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का विजन बिल्कुल स्पष्ट है कि नीतियों में स्थिरता और फैसलों में तेजी लाकर पंजाब को वैश्विक उद्योग के लिए पसंदीदा स्थान बनाया जाए।
बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि फास्टट्रैक पंजाब डिजिटल प्लेटफॉर्म अब 45 कार्य दिवसों के भीतर 200 से अधिक सरकारी सेवाओं की मंजूरी की गारंटी देता है। उन्होंने जानकारी दी कि पंजाब ने 1.39 लाख करोड़ रुपये से अधिक का औद्योगिक निवेश आकर्षित किया है जिससे 5.09 लाख नौकरियां पैदा हुई हैं। राज्य ने भविष्य की औद्योगिक और ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने हेतु पांच हजार करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया है।
जापानी उद्योग जगत के नेताओं ने पंजाब सरकार की सक्रियता और इन्वेस्ट पंजाब द्वारा दी जा रही सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स और डिजिटल परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में सहयोग की नई संभावनाओं पर भी चर्चा की।
Pls reaD:Punjab: डेरा बाबा नानक में सीएम मान ने बाढ़ पीड़ितों को दी बड़ी राहत और मुआवजा वितरण शुरू