कीव। यूक्रेन के जैपोरिजिया न्यूक्लियर प्लांट के पास रूसी मिसाइल से हमला किया गया। इस हमले के बाद प्लांट में भीषण आग लग गई। यूक्रेन सरकार ने माना है कि न्यूक्लियर प्लांट पर रूस सेना ने कब्जा कर लिया है। रूस की सेना ने एक वीडियो और जारी किया है कि वह यूक्रेन की राजधानी कीव में घुस चुकी है। वहीं सुबह से कीव में पांच बार हवाई मिसाइल अटैक हुआ है। इससे नुकसान की अभी तक सूचना नहीं है। वहीं, यूक्रेन ने विश्व सहानुभूति बटोरने के लिए एक वीडियो जारी किया है कि जिसमें बताया है कि किस तरह रूस की सेना निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रही है।
उधर, इस बीच कीव में एक भारतीय छात्र गोली लगने से घायल हो गया। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह का कहना है कि, हम कम से कम नुकसान में ज्यादा से ज्यादा भारतीयों को एयरलिफ्ट कराने की कोशिश कर रहे हैं। यूक्रेन में फंसे छात्रों को स्लोवाकिया के रास्ते भारत लाने के लिए एक और फ्लाइट तैयार है। जानकारी के मुताबिक, यह फ्लाइट कोसिसे से जल्द ही भारत के लिए उड़ान भरेगी।