उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा के गठन के लिए छठे चरण का मतदान जारी है। दस जिलों के 57 विधानसभा क्षेत्र के लिए मॉक पोलिंग के बाद मतदान प्रारंभ हो गया है। मतदान में सुबह सात बजे से ही मतदाता उत्साहित थे। दस जिलों के 57 विधानसभा क्षेत्र में नौ बजे तक यानी दो घंटे में 8.69 प्रतिशत मतदान हो गया था। इसमें बस्ती में सर्वाधिक 9.88, कुशीनगर में 9.64 तथा अम्बेडकरनगर में 9.46 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां पर मतदाता काफी उत्साहित हैं जबकि संतकबीर नगर में मतदाता बेहद सुस्त हैं। यहां पर दो घंटे में 6.80 प्रतिशत वोट ही पड़े थे। सुबह सात से नौ बजे के बीच में अम्बेडकरनगर में 9.46, बलिया में 7.57, बलरामपुर में 8.13, बस्ती में 9.88, देवरिया में 8.39, गोरखपुर में 8.96, कुशीनगर में 9.64, महराजगंज में 8.90, संतकबीर नगर में 6.80 तथा सिद्धार्थनगर में 8.20 प्रतिशत मतदान हो गया था।
छठे चरण में सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ उनके सात मंत्रियों, नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी तथा बसपा विधायक दल के नेता उमाशंकर सिंह व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की प्रतिष्ठा दांव पर है। इस चरण में 2.15 करोड़ मतदाता सीएम योगी आदित्यनाथ सहित 676 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 66 महिला प्रत्याशी हैं। वर्ष 2017 में 57 सीट में 46 सीटों पर भाजपा का कब्जा था।