नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका सूचीबद्ध नहीं होने के मुद्दे पर सुनवाई के दौरान वकील ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत के प्रति तीखी नाराजगी जाहिर की। वकील ने बिना पूर्व सूचना के अदालत में इस मामले को उठाया और याचिका सूचीबद्ध न होने पर सवाल किए। बहस के दौरान उन्होंने सीजेआई के पद पर बने रहने की उनकी योग्यता पर भी टिप्पणी कर दी।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटनाक्रम उस समय हुआ जब पीठ मोटर दुर्घटना मुआवजे से जुड़े मामलों की सुनवाई कर रही थी। वकील ने बताया कि उन्होंने 2 नवंबर को याचिका दायर की थी, लेकिन अब तक उसे सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं किया गया है। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में सीजेआई कार्यालय को भी जानकारी दी जा चुकी है।
कोर्ट ने प्रक्रिया के तहत अनुरोध करने को कहा
वकील की ओर से अचानक मामला उठाए जाने पर अदालत ने आपत्ति जताई। पीठ ने उन्हें याचिका जल्द सूचीबद्ध कराने के लिए रजिस्ट्रार से संपर्क करने की सलाह दी। वकील ने कहा कि वह पहले ही माफी मांग चुके हैं और अब केवल यह जानना चाहते हैं कि उनकी याचिका सूची में क्यों शामिल नहीं की गई।
जब सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि वह इस मामले को देखेंगे, तो वकील ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वह इंतजार नहीं करेंगे। उन्होंने सीजेआई की पद पर बने रहने की योग्यता पर सवाल उठाते हुए उनकी ईमानदारी को लेकर भी टिप्पणी की।
याचिकाओं की सूची तैयार करने में सीजेआई की सीधी भूमिका नहीं
रजिस्ट्री के एक अधिकारी के मुताबिक, याचिकाओं को सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया अदालत के सॉफ्टवेयर के माध्यम से होती है और इसमें सीजेआई की कोई विशेष भूमिका नहीं होती। अधिकारी ने बताया कि 6 नवंबर से पहले कई याचिकाएं दाखिल की गई थीं। इसके बाद दिवाली की छुट्टियों के चलते सुप्रीम कोर्ट एक सप्ताह तक बंद रहा।
इस घटनाक्रम पर बार के कुछ सदस्यों ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने सीजेआई से मुलाकात कर संबंधित वकील के खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्यवाही शुरू करने का अनुरोध किया।
Pls read:SC: मतदाता या उम्मीदवार नहीं कर सकते किसी खास सीट को आरक्षित करने की मांग