Hollywood: नई जेम्स बॉन्ड फिल्म में बॉन्ड गर्ल की तलाश तेज, 19 अभिनेत्रियों के नाम चर्चा में; जंग हो येओन सबसे आगे – The Hill News

Hollywood: नई जेम्स बॉन्ड फिल्म में बॉन्ड गर्ल की तलाश तेज, 19 अभिनेत्रियों के नाम चर्चा में; जंग हो येओन सबसे आगे

नई दिल्ली। जेम्स बॉन्ड फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। नए जेम्स बॉन्ड के रूप में रॉबर्ट पैटिनसन का नाम सामने आने के बाद अब दर्शकों की नजरें फिल्म की फीमेल लीड यानी बॉन्ड गर्ल पर टिकी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भूमिका के लिए हॉलीवुड की 19 अभिनेत्रियों के नाम चर्चा में हैं। हालांकि, अमेजन एमजीएम स्टूडियो ने अभी तक किसी अभिनेत्री के नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगाई है।

19 अभिनेत्रियों के बीच मुकाबला

बॉन्ड फिल्मों में महिला किरदारों की हमेशा अहम भूमिका रही है। इससे पहले उर्सुला आंद्रेस, ऑनर ब्लैकमैन, जेन सीमॉर, मिशेल योह, हैली बेरी और ईवा ग्रीन जैसी अभिनेत्रियां इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा रह चुकी हैं। वर्ष 2021 में रिलीज हुई फिल्म ‘नो टाइम टू डाई’ में डेनियल क्रेग के साथ एना डे आर्म्स नजर आई थीं।

वैरायटी की रिपोर्ट के अनुसार, अगली फिल्म में बॉन्ड गर्ल के किरदार के लिए जिन 19 अभिनेत्रियों के नाम सामने आए हैं, उनमें एड्रिया अर्जोना, एमिली ब्लंट, जेमा चान, मैरियन कोटिलार्ड, चेस इन्फिनिटी, लिली जेम्स, गुगु म्बाथा-रॉ, इसाबेला मर्सिड, इंटे नवारेटे, लुपिता न्योंगो, फ्लोरेंस पुघ, मार्गरेट क्वाली, मार्गोट रॉबी, अन्ना सवाई, हंटर शेफर, सिडनी स्वीनी, आन्या टेलर-जॉय, सोफी टर्नर और जेंडाया शामिल हैं।

जंग हो येओन का नाम सबसे आगे

बॉन्ड गर्ल के संभावित चेहरों को लेकर अलग-अलग हॉलीवुड मैगजीन और मनोरंजन पोर्टल अपनी राय जाहिर कर रहे हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि एक सर्वे में दक्षिण कोरियाई अभिनेत्री जंग हो येओन को सबसे आगे बताया गया है। नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय सीरीज ‘स्क्विड गेम’ से पहचान बनाने वाली जंग हो येओन को इस भूमिका के लिए पसंदीदा उम्मीदवारों में शामिल किया गया है।

इसके अलावा मार्गरेट क्वाली, आन्या टेलर-जॉय, सिडनी स्वीनी, फ्लोरेंस पुघ और डेजी एडगर-जोंस के नाम भी संभावित शीर्ष उम्मीदवारों में गिने जा रहे हैं।

फिलहाल बॉन्ड गर्ल के चयन को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि रॉबर्ट पैटिनसन के साथ अगली जेम्स बॉन्ड फिल्म में कौन सी अभिनेत्री नजर आएगी।

 

Pls read:Hollywood: जेम्स बॉन्ड बनने की रेस में कैलम टर्नर और जैक लोडेन के नाम आगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *