Himachal: खेलो हिमाचल चिट्टा मुक्त अभियान से खेलों के जरिए नशे के खिलाफ जंग लड़ेगी सरकार – The Hill News

Himachal: खेलो हिमाचल चिट्टा मुक्त अभियान से खेलों के जरिए नशे के खिलाफ जंग लड़ेगी सरकार

शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और नशामुक्त, स्वस्थ एवं अनुशासित समाज के निर्माण के उद्देश्य से ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान, 2026’ को मंजूरी दी है। यह अभियान दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक प्रदेशभर में चलाया जाएगा। इसके तहत युवाओं को खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने, अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

अभियान को प्रदेश के सभी 12 जिलों और 83 उपमंडलों में लागू किया जाएगा। इसमें 15 से 30 वर्ष तक के युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। 18 वर्ष से कम आयु के प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए अभिभावकों की सहमति सहित जरूरी प्रावधान किए जाएंगे। महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित कर दोनों को समान अवसर दिए जाएंगे।

आठ खेलों में होंगी प्रतियोगिताएं

शुरुआती चरण में क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, हॉकी, कुश्ती और रस्साकशी को शामिल किया गया है। प्रतियोगिताएं तीन स्तरों पर होंगी। पहले उपमंडल स्तर पर मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद जिला स्तर और अंत में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी।

इस व्यवस्था से ग्रामीण, दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा। अभियान के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें विशेष प्रशिक्षण, कोचिंग कैंप, खेल विज्ञान से जुड़ी सहायता और उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के अवसर उपलब्ध कराने पर विचार किया जाएगा। पारंपरिक, स्थानीय और आधुनिक खेलों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

खेल आयोजनों के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता

अभियान का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहेगा। इसके माध्यम से युवाओं और समुदायों को चिट्टा सहित अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। खेल आयोजनों में जागरूकता कार्यक्रम, संवाद सत्र और चिट्टा मुक्त हिमाचल का संदेश शामिल रहेगा। युवाओं को अभियान के दूत के रूप में भी जोड़ा जाएगा।

इसके अलावा नशे से प्रभावित लोगों के लिए उपलब्ध परामर्श और पुनर्वास सेवाओं की जानकारी भी साझा की जाएगी। युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और समग्र कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बनेगी शीर्ष समिति

योजना के संचालन और निगरानी के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शीर्ष समिति गठित की जाएगी। राज्य, जिला और उपमंडल स्तर पर समितियां अभियान के क्रियान्वयन में सहयोग करेंगी। खेलों के तकनीकी संचालन और नियमों के पालन के लिए अलग तकनीकी समिति भी बनाई जाएगी।

प्रतियोगिताओं के दौरान चिकित्सा और प्राथमिक उपचार की सुविधा, नाबालिग खिलाड़ियों की सुरक्षा, शिकायतों के समाधान, निष्पक्ष खेल और डोपिंग के प्रति जागरूकता से जुड़े प्रावधान भी किए जाएंगे।

खेलों से युवाओं को मिलेगी सकारात्मक दिशा

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने और उसे सकारात्मक दिशा में विकसित करने के अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल शारीरिक फिटनेस के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी कार्रवाई से नहीं जीती जा सकती। इसमें परिवारों, शिक्षण संस्थानों, खेल संगठनों और समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से अभियान में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल नशामुक्त हिमाचल के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

 

Pls read:HImachal: भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग और वोट चोरी के आरोप, रजनी पाटिल ने मोदी-शाह पर साधा निशाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *