देहरादून। रायपुर की विष्णुलोक कॉलोनी में बुजुर्ग दंपति के घर हुई ट्रिपल मर्डर की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। घटना के दौरान पड़ोस में काम कर रही शीला बुजुर्ग दंपति की आवाज सुनकर मदद के लिए उनके घर पहुंची थी, लेकिन वहां मौजूद आरोपित ने उस पर भी हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद शीला की मौत हो गई। वह अपने दो छोटे बच्चों का पालन-पोषण अकेले कर रही थी।
जानकारी के अनुसार, शीला आसपास के घरों में काम करके परिवार का खर्च चलाती थी। मंगलवार को भी वह एक घर में काम कर रही थी। इसी दौरान उसे पड़ोस में रहने वाले रमेश कपूर और उनकी पत्नी रजनी कपूर के घर से शोर सुनाई दिया। किसी अनहोनी की आशंका में वह अपना काम छोड़कर तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंची।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसका सामना आरोपित राजकुमार से हो गया। आरोपित ने शीला पर पेचकस से हमला कर दिया। शीला ने खुद को बचाने का प्रयास किया और अपनी जान बख्शने की गुहार लगाई। वह अपने छोटे बच्चों का हवाला देकर आरोपित से हमला रोकने की अपील करती रही, लेकिन हमला नहीं रुका। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी मौत हो गई।
पति की मौत के बाद बच्चों का सहारा बनी थी शीला
शीला के परिवार पर इस घटना ने दुखों का पहाड़ खड़ा कर दिया है। करीब पांच वर्ष पहले उसके पति की मौत हो चुकी थी। इसके बाद वह मेहनत-मजदूरी कर अपने दोनों बच्चों की जिम्मेदारी उठा रही थी। बच्चों की परवरिश और घर का खर्च चलाने के लिए वह आसपास के घरों में काम करती थी। परिवार के लिए उसकी मौत किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। दोनों बच्चों के सिर से मां का साया भी उठ गया।
कपूर दंपति की मौत से मोहल्ले में मातम
रमेश कपूर और उनकी पत्नी रजनी कपूर की हत्या की खबर से भी स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। पड़ोसियों के मुताबिक कपूर दंपति का व्यवहार मिलनसार था और वे जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे रहते थे। मोहल्ले में किसी व्यक्ति को परेशानी होने पर रमेश कपूर मदद करने का प्रयास करते थे। ऐसे परिवार के साथ इस तरह की वारदात होने की खबर से लोगों को गहरा आघात लगा है।
घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोग कपूर दंपति के घर के बाहर जमा हो गए। कुछ समय पहले तक जहां सामान्य गतिविधियां चल रही थीं, वहां अचानक सन्नाटा छा गया। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर सदमे में हैं और वारदात की वजह तथा इसके पीछे की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा और घटना से जुड़े तथ्यों को लेकर भी पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है। एक ही घटना में बुजुर्ग दंपति और उनकी मदद के लिए पहुंची महिला की मौत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।
Pls read:Uttarakhand: पीएम मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे सीएम धामी ने दी बधाई