अमृतसर। खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा पहुंचा। असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल से उसे अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए तीन घंटे की कस्टडी पैरोल मिली है। पुलिस उसे बुलेटप्रूफ वाहन में अमृतसर एयरपोर्ट से सीधे गांव लेकर पहुंची। इस दौरान पूरे रास्ते और गांव में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
अमृतपाल सिंह गांव पहुंचने के बाद अपने पैतृक घर गया और वहां से दादी की अंतिम यात्रा में शामिल हुआ। अंतिम यात्रा के दौरान दादी का पार्थिव शरीर एक ट्रॉली पर रखा गया था। अमृतपाल भी उसी ट्रॉली पर सवार हुआ। पुलिसकर्मियों ने मानव सुरक्षा घेरा बनाकर ट्रॉली को चारों तरफ से सुरक्षित रखा। गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान कोई अव्यवस्था न हो।
एयरपोर्ट पर भी किए गए थे कड़े सुरक्षा इंतजाम
अमृतपाल सिंह शनिवार सुबह श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमृतसर पहुंचा। उसके आगमन को देखते हुए एयरपोर्ट परिसर में पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। सुरक्षा कारणों से उसे एयरपोर्ट की कार्गो साइड में बनाए गए सुरक्षित क्षेत्र में रखा गया। एयरपोर्ट के बाहर भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
जानकारी के अनुसार, अमृतपाल सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर दिल्ली के टर्मिनल-3 से एयर इंडिया की उड़ान के जरिए रवाना हुआ था। विमान सुबह करीब 8 बजकर 30 मिनट पर अमृतसर पहुंचा। इसके बाद सुरक्षा घेरे में उसे उसके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा ले जाया गया।
दोपहर 12 से 3 बजे तक मिली कस्टडी पैरोल
अदालत ने अमृतपाल सिंह को शनिवार दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक कुल तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी है। इस अवधि में वह पुलिस हिरासत में ही रहेगा। अदालत की अनुमति के अनुसार उसे केवल अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने की छूट दी गई है। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस उसे दोबारा डिब्रूगढ़ जेल ले जाने की कार्रवाई करेगी।
अमृतपाल सिंह को हाई रिस्क कैदी की श्रेणी में रखा गया है। इसी वजह से डिब्रूगढ़ से लेकर दिल्ली और अमृतसर तक उसकी आवाजाही के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे कार्यक्रम को लेकर पहले से तैयारी कर रखी थी।
गांव में अंतिम संस्कार की पूरी तैयारी
अमृतपाल के पहुंचने से पहले ही गांव जल्लूपुर खेड़ा में उसकी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। गांव में चिता तैयार की गई थी और आसपास के गांवों से भी लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने लगे थे। इस दौरान रागी सिंहों की ओर से शबद कीर्तन किया जा रहा था।
गांव और आसपास के इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई थी। अंतिम यात्रा के दौरान भी सुरक्षा बल लगातार निगरानी करते रहे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद अमृतपाल को शाम करीब 6 बजकर 35 मिनट पर एयर इंडिया की उड़ान से वापस नई दिल्ली ले जाया जाना था। विमान के रात 7 बजकर 50 मिनट पर दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। इसके बाद उसे आगे की प्रक्रिया के तहत वापस डिब्रूगढ़ जेल भेजा जाना है।