Uttarakhand: हाउस ऑफ हिमालयाज का कारोबार छह करोड़ के पार – The Hill News

Uttarakhand: हाउस ऑफ हिमालयाज का कारोबार छह करोड़ के पार

देहरादून। उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने की पहल अब कारोबार के मजबूत मॉडल के रूप में उभर रही है। राज्य के स्थानीय उत्पादों को एकीकृत पहचान देने वाले ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ने अपनी शुरुआत से अब तक करीब छह करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया है। ब्रांड के जरिए ग्रामीण महिलाओं, किसानों और स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

हाउस ऑफ हिमालयाज को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिसंबर 2023 में मिली, जब देहरादून में आयोजित उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ब्रांड का विमोचन किया था। ब्रांड को स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की पहल के तौर पर विकसित किया गया है।

83 उत्पाद एक ब्रांड के तहत

हाउस ऑफ हिमालयाज के तहत उत्तराखंड की स्थानीय पहचान से जुड़े उत्पादों को आधुनिक पैकेजिंग, गुणवत्ता और एकीकृत ब्रांडिंग के साथ बाजार में उतारा जा रहा है। वर्तमान में ब्रांड में 60 विशिष्ट उत्पादों सहित कुल 83 उत्पाद शामिल किए गए हैं।

इनमें पहाड़ी दालें, अनाज, मिलेट्स, चावल, मसाले, शहद, तेल और घी के अलावा हर्बल एवं पर्सनल केयर उत्पाद भी शामिल हैं। इसके साथ ही बेकरी और हस्तशिल्प से जुड़े उत्पादों को भी ब्रांड के दायरे में लाया गया है। इससे स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले अलग-अलग उत्पादों को एक समान बाजार पहचान मिलने लगी है।

5500 महिलाओं को सीधा लाभ

हाउस ऑफ हिमालयाज की खासियत इसका महिला केंद्रित आजीविका मॉडल है। ब्रांड से 55 क्लस्टर लेवल फेडरेशन के माध्यम से करीब 5,500 प्रत्यक्ष महिला लाभार्थी जुड़ी हैं। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में उत्पाद तैयार करने वाली महिलाओं को अपने सामान के लिए बाजार मिलने के साथ आय के नए अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं।

स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और बिक्री का लाभ ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों और ग्रामीण उद्यमियों के उत्पादों को व्यवस्थित तरीके से बाजार उपलब्ध कराने से उनकी आर्थिक गतिविधियों को विस्तार मिलने की उम्मीद है।

ई-कॉमर्स से अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच

हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद अब केवल उत्तराखंड के स्थानीय बाजारों तक सीमित नहीं हैं। उपभोक्ता इन्हें Amazon और Flipkart जैसे प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से खरीद सकते हैं। क्विक कॉमर्स के माध्यम से Blinkit, Swiggy Instamart और BigBasket पर भी ब्रांड के उत्पाद उपलब्ध हैं।

इसके अलावा ब्रांड की अपनी डी2सी वेबसाइट के जरिए देशभर में सीधे खरीदारी की सुविधा दी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसकी पहुंच बढ़ाई गई है और Amazon Global के माध्यम से अमेरिका और कनाडा के बाजारों में उत्पाद उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को देश और दुनिया में पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि लक्ष्य गांवों में तैयार होने वाले उत्पादों को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराना और इसका सीधा लाभ महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों तथा स्थानीय उत्पादकों की आर्थिकी तक पहुंचाना है।

 

PLs read:Uttarakhand: सीएम धामी ने एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से की मुलाकात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *