देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा राजस्थान के कोटा से शुरू किए गए ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का अगला पड़ाव अब उत्तराखंड की राजधानी देहरादून होने जा रहा है। आगामी 17 जुलाई को देहरादून के बन्नू रेसकोर्स स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज के मैदान में इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान राहुल गांधी लगभग दो घंटे तक प्रदेश भर से आए हजारों छात्रों और युवाओं के साथ सीधा संवाद करेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस दौरे को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं और इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
पार्टी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी 17 जुलाई को दिल्ली से चार्टर्ड विमान के जरिए जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सड़क मार्ग से देहरादून के लिए रवाना होंगे। मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत से पहले वे संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा करने के लिए प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। दोपहर साढ़े तीन बजे से एक निजी होटल में होने वाली इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश प्रभारी, सह-प्रभारी और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस मंथन का मुख्य उद्देश्य राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और युवाओं के ज्वलंत मुद्दों को राहुल गांधी के समक्ष रखना है।
नेताओं के साथ गहन विमर्श के बाद शाम छह बजे राहुल गांधी सीधे बन्नू रेसकोर्स मैदान पहुंचेंगे। यहाँ ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत वे सीधे युवाओं के बीच होंगे। इस संवाद कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि राहुल गांधी मंच पर अकेले ही मौजूद रहेंगे ताकि युवाओं के साथ उनका जुड़ाव सीधा और प्रभावी हो सके। संवाद के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं में होने वाली धांधली, भर्ती परीक्षाओं में नकल, पेपर लीक की घटनाएं और बढ़ती बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। कांग्रेस का उद्देश्य इन मुद्दों के जरिए राज्य की युवा शक्ति को यह भरोसा दिलाना है कि उनके हितों की लड़ाई राष्ट्रीय स्तर पर लड़ी जाएगी।
इस कार्यक्रम में जुटने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पार्टी स्तर पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आयोजन समिति का अनुमान है कि 10 हजार से अधिक छात्र और युवा इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। मैदान की क्षमता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मैदान के बाहर भी बड़ी टीवी स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि जो लोग मुख्य परिसर में प्रवेश न कर पाएं, वे भी राहुल गांधी के संबोधन और संवाद को सुन सकें।
युवाओं के बीच उत्साह पैदा करने के लिए कार्यक्रम में संगीत का भी तड़का लगाया गया है। उत्तराखंड के चर्चित रैपर विवेक अरोड़ा (करमा) और सौरभ सिंह रावत (डकैत) की विशेष संगीतमय प्रस्तुतियां मंच पर होंगी। इन कलाकारों के माध्यम से कांग्रेस युवाओं तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश कर रही है। संवाद प्रक्रिया पूरी होने के बाद राहुल गांधी उसी रात देहरादून से दिल्ली के लिए वापस रवाना हो जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने स्पष्ट किया कि तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और यह दौरा राज्य की राजनीति में युवाओं की भूमिका को नए सिरे से परिभाषित करेगा।