देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बतौर निर्वाचित प्रधानमंत्री 12 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में एक विशेष मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने नरेंद्र मोदी के इस सफर को देश की प्रगति, विकास और बढ़ते आत्मविश्वास का स्वर्णिम कालखंड करार दिया। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का नेतृत्व न केवल भारत को विकसित राष्ट्र की दिशा में ले जा रहा है, बल्कि उत्तराखंड को भी उनके मार्गदर्शन और स्नेह का निरंतर लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि नरेंद्र मोदी ने केवल सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का कीर्तिमान ही नहीं बनाया है, बल्कि उन्होंने देश को विकासशील राष्ट्र की मानसिकता से बाहर निकालकर विकसित भारत के लक्ष्य की ओर मजबूती से अग्रसर किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्ष 2014, 2019 और अब 2024 में लगातार तीसरी बार मिला जनसमर्थन इस बात का पुख्ता सबूत है कि देश की जनता अब कोरे नारों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखने वाले काम पर अपना वोट देती है। उन्होंने पुरानी व्यवस्थाओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले योजनाएं फाइलों और कागजों तक सिमटी रहती थीं, लेकिन आज मोदी सरकार में योजनाएं सीधे जनता के बीच पहुंचती हैं और समाज के अंतिम व्यक्ति को उनका लाभ मिल रहा है।
कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विपक्षी दल ने दशकों तक ‘गरीबी हटाओ’ का खोखला नारा दिया, लेकिन गरीबों के जीवन में कोई वास्तविक सुधार नहीं आया। इसके विपरीत, मोदी सरकार ने करोड़ों लोगों को गरीबी के दलदल से बाहर निकालने का ऐतिहासिक कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने डिजिटल क्रांति और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) की सराहना करते हुए कहा कि इन माध्यमों ने भ्रष्टाचार की जड़ों पर प्रहार किया है। अब सरकारी सहायता बिना किसी बिचौलिए के सीधे पात्र व्यक्ति के खाते में पहुंच रही है, जिससे भारत आज डिजिटल लेन-देन के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व कर रहा है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नया भारत अब आतंकवाद के खिलाफ केवल निंदा प्रस्ताव पारित नहीं करता, बल्कि घर में घुसकर मुंहतोड़ जवाब देता है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाइयों ने वैश्विक स्तर पर भारत की एक शक्तिशाली और स्पष्ट सुरक्षा नीति को स्थापित किया है। उत्तराखंड के संदर्भ में उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के विशेष सहयोग से राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। इनमें चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर और महत्वपूर्ण रोपवे परियोजनाएं शामिल हैं, जो राज्य की अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदल रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया उत्तराखंड दौरे पर तंज कसा। उन्होंने राहुल गांधी के अल्मोड़ा दौरे के रद्द होने का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं के लिए यह राज्य केवल ‘चुनावी पर्यटन’ का केंद्र रहा है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अल्मोड़ा में मौसम खराब था, तो पौड़ी या देहरादून में तो साफ था, लेकिन ‘युवराज’ का मूड खराब हुआ और वे वापस लौट गए। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से गहरा आध्यात्मिक और भावनात्मक लगाव है, जो उनके कार्यों में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
Pls read:Uttarakhand: नीति आयोग की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेश किया विकसित उत्तराखंड का विजन