चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर एक बड़ा फेरबदल करते हुए प्रदेश की कमान केवल सिंह ढिल्लों को सौंप दी है। भाजपा हाईकमान ने बरनाला के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस घोषणा के साथ ही राज्य की राजनीति में नए समीकरणों पर चर्चा तेज हो गई है। पार्टी का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब पंजाब में संगठन को ग्रामीण स्तर पर मजबूत करने और किसानों व व्यापारियों के बीच अपनी पैठ बढ़ाने की बड़ी चुनौती भाजपा के सामने है।
केवल सिंह ढिल्लों का जन्म 16 मई 1950 को बरनाला के तल्लेवाल गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम सजन सिंह ढिल्लों और पत्नी का नाम मनजीत कौर है। उनके दो बेटे, कंवरइंदर सिंह ढिल्लों और करणइंदर सिंह ढिल्लों, वर्तमान में पारिवारिक व्यवसाय और रियल एस्टेट का कामकाज संभाल रहे हैं। शिक्षा की बात करें तो केवल सिंह ढिल्लों 12वीं पास हैं और उन्होंने 1969-70 के दौरान एसडी कॉलेज बरनाला से उच्च शिक्षा की शुरुआत की थी। वे पंजाब के एक प्रतिष्ठित उद्योगपति हैं और ढिल्लों ग्रुप के प्रमुख के रूप में पहचाने जाते हैं।
राजनीतिक सफर की दृष्टि से केवल सिंह ढिल्लों पिछले दो दशकों से पंजाब की राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरा रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस के साथ की थी और साल 2007 व 2012 में कांग्रेस के टिकट पर बरनाला से विधायक चुने गए। विशेष रूप से 2012 के चुनाव में उन्होंने भारी मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। वे पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपप्रधान भी रह चुके हैं और मालवा क्षेत्र में उनकी गिनती कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में होती थी। हालांकि, 2017 के विधानसभा और 2019 के लोकसभा चुनावों में उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
जून 2022 में केवल सिंह ढिल्लों ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। भाजपा ने उन पर भरोसा जताते हुए संगरूर लोकसभा उपचुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया और बाद में उन्हें पार्टी की कोर कमेटी में शामिल किया गया। जानकारों का मानना है कि भाजपा ने मालवा क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए उन पर दांव खेला है। इससे पहले पंजाब में अश्वनी शर्मा कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे, जबकि सुनील जाखड़ प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पार्टी का आधार बढ़ाने में जुटे थे।
नेतृत्व परिवर्तन के बाद सुनील जाखड़ ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा के अध्यक्ष के रूप में काम करना उनके लिए गर्व की बात रही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जताए गए विश्वास और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया। जाखड़ ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के सहयोग की भी सराहना की।
सुनील जाखड़ ने नए अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों को अपनी शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक शक्तिशाली होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब और पार्टी के साथ उनका जुड़ाव किसी पद का मोहताज नहीं है और वे भविष्य में भी संगठन की मजबूती के लिए सहयोग करते रहेंगे। भाजपा अब नए नेतृत्व के माध्यम से पंजाब में अपनी राजनीतिक जड़ों को गहरा करने की रणनीति पर काम कर रही है।