Uttarakhand: चंपावत में दरिंदगी की सीमाएं पार और भाजपा नेता समेत तीन पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज – The Hill News

Uttarakhand: चंपावत में दरिंदगी की सीमाएं पार और भाजपा नेता समेत तीन पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज

चंपावत। चंपावत जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां अपनी सहेली की मेहंदी रस्म में शामिल होने गई 10वीं की छात्रा के साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों में भारतीय जनता पार्टी के एक मंडल उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान भी शामिल हैं। घटना की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने छात्रा के हाथ-पैर बांध दिए और उसे निर्वस्त्र कर कमरे में ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता को बरामद कर तीनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

सहेली की मेहंदी में बुलाकर दिया वारदात को अंजाम

कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर सल्ली गांव में अपने दोस्त की मेहंदी की रस्म में शामिल होने गई थी। जानकारी के अनुसार, उसे विनोद सिंह रावत नामक युवक वहां लेकर गया था। रात में जब छात्रा ने अपने घर फोन करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उससे मोबाइल छीन लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद विनोद सिंह रावत, नवीन सिंह और पूरन सिंह रावत ने मिलकर छात्रा के साथ दरिंदगी की।

अंधेरे कमरे में मिली रस्सी से बंधी छात्रा

घटना की रात करीब डेढ़ बजे छात्रा ने किसी तरह अपने पिता को एक कॉल की, लेकिन कुछ ही पलों में फोन बंद हो गया। अनहोनी की आशंका होने पर पिता ने ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सल्ली गांव में छापेमारी की और एक बंद कमरे से छात्रा को बरामद किया। पुलिस को छात्रा रस्सी से बंधी हुई और निर्वस्त्र हालत में मिली। आरोपियों ने उसे कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया था।

आइसक्रीम बेचकर बीमार पिता का सहारा बनी थी पीड़िता

इस घटना ने एक ऐसे परिवार को तोड़ दिया है जिसका पूरा बोझ यह नाबालिग छात्रा उठा रही थी। पीड़िता पढ़ाई के साथ-साथ चंपावत की एक दुकान में आइसक्रीम बेचकर घर का खर्च चलाती है। उसके 70 वर्षीय बीमार पिता का इलाज भी इसी कमाई से होता है। पिता ने नम आंखों से बताया कि 52 साल की उम्र में वह इस बेटी के पिता बने थे और जन्म के छह महीने बाद ही उसकी मां का देहांत हो गया था। तब से उन्होंने अपनी बेटी को अकेले ही पाला था।

भाजपा नेता और पूर्व प्रधान सहित तीन पर मुकदमा

पुलिस की जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी पूरन सिंह रावत पूर्व ग्राम प्रधान है और भाजपा में मंडल उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत है। दूसरा आरोपी नवीन सिंह डेयरी का व्यवसाय करता है, जबकि तीसरा आरोपी विनोद सिंह रावत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(2), 127(2), 351(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5/जी6 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।

पुलिस अधीक्षक का आधिकारिक बयान और कार्रवाई

चंपावत की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और सीडब्ल्यूसी के माध्यम से उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।

Pls read:Uttarakhand: बद्रीनाथ बनेगा भव्य स्पिरिचुअल हिल टाउन और मास्टर प्लान के तहत तैयार होगी दिव्य कार्ययोजना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *