देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान प्रदेश
की महत्वपूर्ण चारधाम यात्रा और एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर राज्य सरकार की
स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा न केवल हमारी
सामूहिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था के
लिए ‘लाइफलाइन’ का काम करती है। मुख्यमंत्री ने उन तत्वों को कड़ी चेतावनी दी जो
सोशल मीडिया पर भ्रामक रील और वीडियो बनाकर यात्रा की छवि खराब करने और इसे
राजनीति की भेंट चढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
सदन को संबोधित करते हुए पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में चारधाम
यात्रा सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कुछ
लोग इसे राजनीति का अखाड़ा बनाने का प्रयास कर रहे हैं। धामी ने स्पष्ट शब्दों में
कहा कि यदि किसी को सरकार या बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) का विरोध
करना है, तो वह स्वतंत्र है, लेकिन महादेव के पावन स्थल केदारनाथ और इस पवित्र
यात्रा के खिलाफ नकारात्मक माहौल कतई न बनाया जाए। उन्होंने जोर दिया कि यह
एक कठिन यात्रा है और सरकार इसे हर संभव तरीके से सुगम व सुरक्षित बनाने के
प्रयास कर रही है। नकारात्मकता फैलाने के बजाय सभी को यात्रा और यात्रियों
का उत्साहवर्धन करना चाहिए ताकि प्रदेश की आर्थिकी मजबूत बनी रहे।
वहीं, प्रदेश में गैस संकट को लेकर उठाए गए सवालों पर मुख्यमंत्री ने स्थिति साफ
करते हुए कहा कि उत्तराखंड में रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं है। उन्होंने सदन
को अवगत कराया कि इस संबंध में उनकी एक दिन पहले ही नई दिल्ली में केंद्रीय
पेट्रोलियम मंत्री के साथ विस्तृत वार्ता हुई है और आपूर्ति
व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का जिक्र
करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल भारत के लिए नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक
बड़ी चुनौती है। वैश्विक स्तर पर उपजे इन हालातों का असर हर जगह है, लेकिन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में भारत हर संकट से
निपटने में सक्षम है।
मुख्यमंत्री ने वैश्विक संकटों के बीच नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए
कोरोना काल का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया भारत की क्षमता पर
सवाल उठा रही थी, तब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने न केवल महामारी पर
सफलतापूर्वक नियंत्रण पाया बल्कि 100 से अधिक देशों को वैक्सीन भेजकर उनकी मदद
भी की। उन्होंने जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें
और धैर्य बनाए रखें। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य की आस्था, श्रद्धा और आर्थिकी
के साथ खिलवाड़ करने वाले प्रयासों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।
Pls read:Uttarakhand: महिला सशक्तिकरण के प्रयासों पर राजनीति न करे विपक्ष बोले मुख्यमंत्री धामी