Uttarakhand: उत्तराखंड में पीएम मोदी के 28वें दौरे को लेकर उत्साह

 

देहरादून, सोमवार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने 28वें दौरे पर उत्तराखंड पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में यह उनका 18वां दौरा होगा। प्रधानमंत्री इस दौरान दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे और टिहरी में 1000 मेगावाट क्षमता वाले देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का लोकार्पण करेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है और सरकार कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारियों में जुटी है।

प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी का पहला उत्तराखंड दौरा 11 सितंबर 2015 को ऋषिकेश में हुआ था, जहां उन्होंने अपने गुरु से भेंट की थी। इसके बाद से वह लगातार राज्य का दौरा करते रहे हैं। केदारनाथ, बद्रीनाथ और अन्य धार्मिक स्थलों के प्रति उनकी गहरी आस्था रही है। प्रधानमंत्री बनने के बाद वह कई बार केदारनाथ धाम जा चुके हैं, जिससे राज्य में तीर्थाटन और पर्यटन को नई गति मिली है।

उनके दौरों के बाद केदारनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पिथौरागढ़ स्थित आदि कैलाश और उत्तरकाशी के मुखबा जैसे स्थानों को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। इससे उत्तराखंड में शीतकालीन यात्रा और सालभर पर्यटन को बढ़ावा मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव है और उनके नेतृत्व में राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाएं धरातल पर उतरी हैं। चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और विभिन्न रोपवे योजनाओं से कनेक्टिविटी में सुधार हुआ है।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे 213 किलोमीटर लंबा छह लेन कॉरिडोर है, जिससे यात्रा समय घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगा। वहीं टिहरी का पंप स्टोरेज संयंत्र ऊर्जा क्षेत्र में अहम उपलब्धि माना जा रहा है।

 

pls read: Uttarakhand: देहरादून में नॉर्थ जोन रीजनल कॉन्फ्रेंस का समापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *